Headlines

किरोड़ी लाल मीणा ने फिर दी आंदोलन की चेतावनी, पेपर लीक से परेशान परीक्षार्थियों ने की सांसद से मुलाकात

पेपर लीक

जयपुर : पेपर लीक से जुड़े मामलों को लेकर भाजपा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने गहलोत सरकार को चेताया कि पेपर लीक से जुड़े मामलों में जल्द ही संज्ञान नहीं लिया गया तो उन्हें मजबूरन बेरोजगारों की खातिर सड़क पर उतरने का फैसला करना पड़ेगा। SI, JEN और NEET भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक की खबरों से परेशान परीक्षार्थियों ने आज किरोड़ी लाल मीणा से उनके आवास पर मुलाक़ात की। मीणा ने अभ्यार्थियों को आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों के लिए वे हरदम लड़ने को तैयार हैं।

सांसद के आवास पर पहुंचे अभ्यर्थियों ने किरोड़ी लाल मीणा के समक्ष अपना दर्द साझा किया। लंबी चर्चा के बाद किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि वे इस बात से आहत हैं कि संगठित गिरोह बच्चों की कड़ी मेहनत पर डाका डाल रहे हैं। यदि पेपर आउट हुए हैं तो परीक्षाएं तुरंत प्रभाव से रद्द हों। प्रदेश में कोई भी भर्ती हो, परीक्षा होते ही सोशल मीडिया पर पेपर आउट के वीडियो व फोटो वायरल होने लगते हैं। मीणा ने आरोप लगाया कि इस पर लगाम कसने की बजाय सरकार मामलों को दबाने में लग जाती है। सरकार ने दलालों को नौकरी और बेरोजगारों को धरना देने के लिए छोड़ दिया है।

मामले की गंभीरता को समझकर लें संज्ञान

प्रदेश में आगामी दिनों में रीट और पटवारी की महत्वपूर्ण परीक्षाएं होनी है। यदि इन परीक्षाओं में भी इस प्रकार से धांधली हुई तो यह साफ हो जाएगा कि दलालों को सरकार का संरक्षण है। मीणा ने कहा कि मामले की गंभीरता को समझकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस पर तुरन्त संज्ञान लें। यदि समय रहते एक्शन नहीं लिया गया तो वह कोरोना गाइडलाइन के बावजूद सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *