जोधपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक तथा नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल शुक्रवार को जोधपुर जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने यहां राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पद हेतु चुनाव लड़ रहे पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में तूफानी जनसंपर्क किया। बेनीवाल ने अपनी जनसंपर्क सभाओं में कहा कि राजस्थान में वसुंधरा गहलोत के आपसी गठजोड़ से प्रदेश की कानून व्यवस्था का चीरहरण हो रखा है। ऐसे में प्रदेश की जनता भगवान भरोसे है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जनता का भरोसा खो चुके हैं।
बेनीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में सब को चुनाव लड़ने में मतदान करने का अधिकार है,परंतु राजस्थान की सत्ताधारी पार्टी के नेताओं ने शासन का दुरुपयोग करके पीपाड़ पंचायत समिति में रालोपा उम्मीदवारों के नामांकन खारिज करवाएं जो स्वच्छ लोकतंत्र के लिए किसी भी दृष्टि से सही नहीं है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर भी जमकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये और कहा कि दोनों ने मिलकर राजस्थान का बंटाधार किया है। ऐसे में जनता को अब समझने की जरूरत है कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी जो राजस्थान में तीसरे विकल्प के रूप में मजबूती के साथ जनता के हितों की लड़ाई लड़ रही है उसका साथ देने की आवश्यकता है।
बेनीवाल ने कहा कि पंचायत चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अधिक से अधिक उम्मीदवारों को पंचायत समिति व जिला परिषद में विजय बनाकर भेजना है ताकि 2023 के मिशन को एक नई रूपरेखा के साथ पूर्ण किया जा सके। बेनीवाल ने अपने संबोधनो में बढ़ती महंगाई तथा पेट्रोल डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी व बढ़ती बेरोजगारी को लेकर राजस्थान की सरकार के साथ केंद्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधा । साथ ही कहा कि केंद्र घमंड में चूर है और किसान आंदोलन की अनदेखी कर रहा है, परंतु जनता इसका जवाब मत की चोट से देना जानती है। उन्होंने कहा गहलोत कांग्रेस के बहादुर शाह जफर साबित होंगे।वही भाजपा में 13 नेता सीएम के दावेदार बनकर घूम रहे है।
बेनीवाल ने कहा किसान कर्ज माफी व बेरोजगारी की समस्या का समाधान करने के लिए एक स्थाई नीति लाने की जरूरत है।
सांसद बेनीवाल ने चाडी से अपनी सभा की शुरुआत की ।उसके बाद ,पुनासर,ओमपुरा,बापिणी रायमलवाड़ा, पड़ासला, मतोड़ा, नोसर, पल्ली, लोहावट, रामदेवनगर, चामू, चाँदसमा दासनिया, सुवालिया व जाटी भांडु आदि स्थानों पर जन सम्पर्क सभाओं को संबोधित करके रालोपा उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान की अपील की ।

