जयपुर: 51 साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा राजस्थान के वरिष्ठ लेखक व कवि मुकुट सक्सेना के अभिनन्दन के अवसर पर आयोजित समारोह में बोलते हुए राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बुलाकी दास कल्ला ने कहा कि “साहित्यकार का सम्मान समाज का ख़ुद का सम्मान है , अपनी संस्कृति और अपनी परम्परा का सम्मान है ।”
हमकलाम द्वारा आयोजित इस समारोह के अध्यक्ष डॉ हेतु भारद्वाज ने मुकुट जी और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि “कोरोना काल के लम्बे अंतराल के बाद इस तरह के आयोजन में शामिल होना गर्व की बात है और इतनी संस्थाओं का एक मंच पर आना मुकुट जी के साहित्यिक कद को दर्शाता है ।
ख़राब मौसम के बावजूद खचाखच भरे सभागार में राजस्थान चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ के मानद महासचिव डॉ के एल जैन , महात्मा गाँधी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ सुधीर सचदेव , वरिष्ठ लेखक व कवि नन्द भारद्वाज सहित नगर के लेखक , कवि , शाइर और साहित्यकार बड़ी संख्या में मौजूद थे। न्यायमूर्ति विनोद शंकर दवे ने अपने सन्देश में मुकुट सक्सेना को आशीर्वाद और आयोजकों को बधाई प्रेषित की।
