जयपुर: बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन और एक्टर संजय दत्त पिंक सिटी जयपुर में अपनी आगामी फिल्म घुड़चढ़ी की शूटिंग कर रहे हैं। इस दौरान दोनों ही कलाकार शूटिंग के साथ ही जयपुर में घूम कर पिंक सिटी की खूबसूरती निहार रहे हैं। हाल ही में दोनों कलाकार झालाना लेपर्ड सफारी पार्क पहुंचे। जहां दोनों ने लेपर्ड सफारी के दौरान जमकर फोटोग्राफी की। इस दौरान बॉलीवुड स्टार ने वहां मौजूद पर्यटकों के साथ सेल्फी भी क्लिक की।
दरअसल, संजय दत्त और रवीना टंडन पिछले कुछ दिनों से फिल्म घुड़चढ़ी की शूटिंग के लिए जयपुर में है। घुड़चढ़ी एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म होगी। इसे बिनॉय गांधी डायरेक्ट कर रहे हैं। यह बिनॉय की भी पहली फिल्म है। बता दें कि रवीना टंडन और संजय दत्त इस फिल्म से पहले केजीएफ 2 में नजर आने वाले हैं। केजीएफ 2 में संजय दत्त एक विलेन किरदार में हैं। तो वहीं रवीना टंडन प्रधानमंत्री का किरदार निभाती दिखेंगी। ये दोनों कलाकार करीब दो दशकों के बाद एक साथ काम कर रहे हैं। 90 के दशक में संजय दत्त और रवीना टंडन ने एक साथ कई सफल फिल्में दी थीं। फिल्म आतिश, क्षत्रिय और विजेता उन चंद फिल्मों में शामिल है।

