जयपुर: जमवारामगढ़ इलाके में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने कुल्हाड़ी से महिला के दोनों पैरों के पंजे को काट दिया। गले पर भी वार किया। महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उसके दोनों पैरों के चांदी के कड़े, गले का सोने का जंतर और सोने की बालियां गायब मिली हैं। बदमाशों ने गहने लूटने के लिए ही महिला को मार डाला ऐसा माना जा रहा है। मंगलवार दोपहर वारदात का पता चलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। जयपुर ग्रामीण एसपी शंकरदत्त शर्मा, जमवारामगढ़ सीओ लाखन सिंह मीणा व थाना प्रभारी जोगेंद्र राठौड़ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शव की पहचान खतेहपुरा चावंडिया गांव में रहने वाली गीता देवी (55) के रूप में हुई है। वह रामगोपाल शर्मा की पत्नी थी। बताया जा रहा है कि गीता देवी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे खेत पर गाय-भैंस चराने गई थीं। दोपहर करीब 1 बजे खेतों के समीप से गुजरने वाले स्थानीय ग्रामीण ने लहूलुहान हालत में गीता देवी का शव देखा तो गांव में सूचना दी गई। पति रामगोपाल शर्मा व अन्य परिजनों सहित स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जमवारामगढ़ थाने को सूचना दी गई।
माना जा रहा है कि हत्या की वारदात दोपहर 12 बजे के आसपास की होगी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले गीता देवी के गर्दन पर धारदार हथियार यानी कुल्हाड़ी से वार किया होगा। इसके बाद उनके दोनों पैरों को काटकर पंजों को अलग कर दिया। फिर चांदी के कड़े पैरों से निकाल लिए। हत्या के बाद से गांव में आक्रोश व्याप्त है।