UP चुनाव में 40% टिकट महिलाओं को देगी कांग्रेस, प्रियंका गांधी का ऐलान

कांग्रेस

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 40% टिकट महिलाओं को देगी। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा ऐलान किया। प्रियंका ने कहा कि यह फैसला तमाम पीड़ित महिलाओं के साथ न्याय करेगा। प्रियंका ने नया नारा दिया, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं।’ कांग्रेस 40% महिलाओं को टिकट देने के लिहाज से UP की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 161 पर महिला उम्मीदवार उतारेगी। प्रियंका जब यह ऐलान कर रही थीं, तब भी उनके मंच पर 7 पुरुष मौजूद थे और प्रियंका के आजू-बाजू केवल दो महिलाएं बैठी हुई थीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पार्टी का महिलाओं को टिकट देने का फैसला काफी चुनौतीभरा रहने वाला है।

परिवारवाद से ऐतराज नहीं

कांग्रेस ने भले ही महिलाओं को 40% टिकट देने का ऐलान किया हो, लेकिन इसमें भी नेताओं के परिवार की महिलाओं का ही दबदबा रहने की संभावना है। खुद प्रियंका गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिवारवाद का समर्थन किया। जब उनसे सवाल पूछा गया कि कांग्रेस ने 40% महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया है, लेकिन सभी असरदार नेता अपने परिवार की महिलाओं को ही टिकट दिलाने के लिए लॉबिंग करेंगे। इस पर प्रियंका ने कहा कि इसमें कोई हर्ज नहीं है।

up 1 1

चुनाव लड़ने का सवाल टाला प्रियंका ने

प्रियंका ने कहा कि हमने आवेदन मांगे हैं और 15 नवंबर तक लोग टिकट के लिए आवेदन कर सकते हैं। महिलाओं को टिकट मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। प्रियंका ने यह भी कहा कि उनका बस चलता तो वह 40 की जगह 50 फीसदी टिकट महिलाओं को देतीं। जब उनसे विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इस पर बाद में सोचेंगे। वहीं, UP में कांग्रेस के CM फेस के साथ उतरने के सवाल पर भी उन्होंने कहा कि इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *