Headlines

सुशासन को साकार करने में कार्मिकों की भूमिका महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री गहलोत

सुशासन को साकार करने में कार्मिकों की भूमिका महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री गहलोत

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह सुशासन राज्य सरकार का मुख्य ध्येय रहा है। इसे साकार करने में अधिकारी और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास एवं आमजन को राहत देने के लिए सभी कार्मिक मानवीय दृष्टिकोण तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

सीएम गहलोत मंगलवार को शासन सचिवालय में राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कोरोना की प्रतिकूल परिस्थितियों और राजस्व में भारी कमी के बावजूद शानदार बजट पेश किया। जिसकी पक्ष और विपक्ष ने खुले मन से सराहना की।

बजट घोषणाओं को पूरा करने की दिशा में भी हमारी सरकार सकारात्मक सोच के साथ तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण को भी प्राथमिकता में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय किए गए हैं, जिनका लाभ कार्मिकों को मिल रहा है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कार्मिकों को समय पर सैलेरी, डीए एवं पदोन्नति देने के साथ ही, उनकी वाजिब मांगों को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया है और आगे भी कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

सीएम गहलोत ने कहा कि कोरोना की पहली एवं दूसरी लहर में हमारी सरकार ने बेहतरीन प्रबंधन करते हुए जीवन रक्षा का फर्ज निभाया है। इस शानदार प्रबंधन में हर वर्ग के साथ-साथ कर्मचारियों की भी बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कई देशों में कोरोना की चौथी लहर आ गई है और मामले तेजी से बढ़े हैं। ऐसे में, हमें पूरी सजगता और सतर्कता बनाए रखनी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि प्रदेश के सभी कर्मचारी संघ समन्वित होकर राज्य सरकार के साथ अपनी उचित मांगों और प्रदेश के सर्वांगीण विकास को लेकर सार्थक चर्चा करें। इससे राज्य सरकार को बेहतर गवर्नेंस के लिए फीडबैक मिल सकेगा और कर्मचारियों की समस्याओं का भी समुचित रूप से निस्तारण हो सकेगा।

सचिवालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया एवं नवगठित कार्यकारिणी की घोषणा की। संघ के महामंत्री किशनाराम ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी एवं सचिवालय सेवा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *