जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां के 2 दिनों के इंतजार के बाद आखिर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात हो ही गई। पूनियां की नड्डा से इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। इस मुलाकात के बाद प्रदेश भाजपा की अंदरूनी राजनीति में काफी कुछ घटने की संभावना है। खासकर बीवीजी सीडी प्रकरण में कार्यवाही की चर्चा जोरों पर है। ऐसे ही किसी धमाके पर सबकी नजर है।
पूनिया ने नड्डा से मुलाकात के बाद जारी ट्वीट में केवल यही कहा कि नड्डा से उनकी विभिन्न संगठनात्मक एवं राजनीतिक मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। सेवा ही संगठन है सहित राज्य भाजपा के आगामी कार्यक्रमों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
आज दिल्ली में @BJP4India के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष @JPNadda जी के साथ प्रदेश के विभिन्न संगठनात्मक एवं राजनीतिक मुद्दों पर सार्थक एवं विस्तृत चर्चा हुई तथा सेवा ही संगठन सहित राज्य में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के लिए मार्गदर्शन प्राप्त किया।
— Satish Poonia (@DrSatishPoonia) July 2, 2021
पूनियां ने आज राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव के साथ भी विभिन्न राजनीतिक तथा संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की।
पूनियां अब तक दिल्ली यात्रा के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह से भी मुलाकात कर चुके हैं।
