जयपुर: राजस्थान में भाजपा ने विधानसभा चुनाव से आठ महीने पहले राजस्थान संगठन में बड़ा बदलाव कर सतीश पूनिया की जगह चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी को BJP का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना है। चंद्र प्रकाश जोशी चित्तौड़गढ़ से दो बार लोकसभा पहुंचे हैं। वह पहले 2014 में फिर 2019 में इस सीट से चुनाव जीते। जोशी भाजपा के यूथ विंग, भाजयुमो के प्रदेश प्रेसिडेंट हैं। पूनिया करीब साढ़े तीन साल तक इस पर रहे। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जोशी की नियुक्ति संबंधी पत्र जारी किया गया।
सांसद सीपी जोशी ने प्रभारी अरुण सिंह से मुलाकात के बाद दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा, ‘मैं कार्यकर्ता बनकर काम करूंगा। मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं, मेरे चयन का आधार भी यही नजर आता है। मैं भारतीय जनता पार्टी का हूं। अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है, लेकिन मैं कार्यकर्ता के नाते कोशिश करूंगा कि सभी का मार्गदर्शन लेकर, सबका समन्वय बनाकर हम कैसे 2023 और 2024 में पार्टी को प्रचंड बहुमत दिला सकें, इसके लिए प्रयास करेंगे।’
बताया जा रहा है कि सतीश पूनिया को अब राष्ट्रीय संगठन में जगह मिल सकती है। राजस्थान भाजपा में सीएम फेस की लड़ाई के बीच संगठन में इस बड़े बदलाव की चर्चाएं शुरू होने लगी हैं। अब नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति भी जल्द होने के आसार हैं। गुलाब चंद कटारिया के राज्यपाल बनाए जाने के बाद से यह पद खाली है।