जयपुर। भाजपा राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान किसानों की कर्ज माफी ,बेरोजगार युवाओं को नौकरियां, बेरोजगारी भत्ता, प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति, बिजली संकट जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष को घेरेगी। भाजपा विधायक दल की ना पक्ष लॉबी में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजस्थान के प्रभारी महामंत्री अरुण सिंह भी उपस्थित थे।
बैठक में एक ओर बीजेपी विधायक कैलाश मेघवाल की ओर से गिराए गए लैटर बम को लेकर मंथन किया गया। साथ ही सदन में यह मुद्दा उठने पर किस तरह सत्ता पक्ष को जवाब देना है, इसकी रणनीति तैयार की गई। सरकार को दूसरे मुद्दों पर घेरकर इस मुद्दे से ध्यान हटाने पर भी चर्चा की गई।
मतभेद है पर मनभेद नहीं
इस बीच भाजपा ने मान लिया कि पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और मतभेद हैं। विधानसभा के बाहर उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया के साथ हम सभी एकजुट हैं। पार्टी में कोई कलह नहीं है। मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पारिवारिक कारणों के कारण विधानसभा में आज मौजूद नहीं रहेंगी।
राजस्थान भाजपा विधायक दल की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री @ArunSinghbjp, प्रदेश अध्यक्ष श्री @DrSatishPoonia , नेता प्रतिपक्ष श्री @Gulab_kataria उपनेता श्री @Rajendra4BJP, भाजपा विधायक दल के सचेतक श्री जोगेश्वर गर्ग सहित सभी साथी विधायकों की उपस्थिति रही। pic.twitter.com/Sjt5vEiwYS
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) September 9, 2021
इस तरह की आपाधापी मैंने जीवन में नहीं देखी-राठौड़
विपक्ष की ओर से बीजेपी में कलह के आरोपों पर राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि जब सदन चलेगा, तो सब बात सामने आ जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उन्हीं के विधायक के कहते हैं कि अगर आपने हमारे कहने से डिप्टी एसपी और थानेदार नहीं लगाए, तो हम समर्थन वापस ले लेंगे। इस तरह की आपाधापी मैंने जीवन में नहीं देखी।
