जयपुर: आवासन बोर्ड आयुक्त पवन अरोड़ा ने कहा कि राजस्थान आवासन मण्डल कार्मिकों के लिये ग्राहक ही भगवान हैं और उसे पूरी तरह उत्कृष्ट सेवा देकर संतुष्ट करना ही हमारा ध्येय है। आयुक्त अरोडा बुधवार को मण्डल के कॉन्फ्रेंस हॉल में लेखा कार्मिकों के लिये बजट, ऑडिट, वित्त व लेखा प्रबंधन विषय पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला के शुभारम्भ सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला निश्चित रूप से कार्मिकों की वित्तीय व लेखा समझ को बढ़ाने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कार्मिकों से आह्वान किया कि वे खुद को स्किल्ड बनाये रखें और नई जानकारियों से अपडेट रहे। उन्होंने कहा कि लेखा नियमों में समय-समय पर संशोधन होते रहते है इसलिये उन्हें इससे अपडेट रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मण्डल में आने वाले ग्राहकों के लिये कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए लेकिन कार्य में पारदर्शिता भी बनी रहनी चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से इस कार्यशाला को गम्भीरता से लेने और सभी विषय विशेषज्ञों से सीखने की सलाह दी। इससे पहले आयुक्त पवन अरोड़ा का वित्तीय सलाहकार श्रीमती संजय शर्मा द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यशाला में बतौर विशिष्ट अतिथि सचिव श्रीमती संचिता विश्नोई ने भाग लिया । कार्यशाला में उप वित्तीय सलाहकार श्रीमती सुनीता माथुर, ओ.पी. बुटोलिया, संयुक्त निदेशक (एस.ए.) अनुज माथुर सहित सभी वरिष्ठ लेखाधिकारी और प्रदेश के सभी कार्यालयों से आये लेखा कार्मिक उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि इस तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन राजस्थान आवासन मण्डल और इम्प्रेसिव स्टार सॉफ्टवेयर प्रा.लि. (टैली प्राइम) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।


