जयपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में आज हुई प्रदेश पदाधिकारियो की वर्चुअल बैठक में कोरोना महामारी से पीड़ित परिवारों को राहत व महंगाई के खिलाफ 7 से 17 जुलाई तक चलने वाले महाअभियान पर मुख्य रूप से चर्चा हुई। बैठक में कोरोना महामारी में जिन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को खोया है तथा रोजगार गंवा बैठे हैं उनके लिए चलाए जा रहे आउटरीच कार्यक्रम की प्रगति एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा कर कार्यक्रम को और विस्तृत बनाने हेतु चर्चा की गई। इसी के साथ महंगाई के खिलाफ चलाए जाने वाले आन्दोलन की रूपरेखा को मूर्त रूप देकर जिम्मेदारियां सौंपी गई।
मंहगाई के विरूद्ध तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस की ओर से 7 जुलाई से 17 जुलाई तक चलाये जाने वाले अभियान के तहत 7 जुलाई को महिला कांग्रेस एवं महिला कार्यकर्ताओं द्वारा केन्द्र की भाजपा सरकार केे विरूद्ध जिला व ब्लॉक स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जायेगा। 8 जुलाई से 15 जुलाई तक प्रदेश के सभी पेट्रोल पम्पों पर केन्द्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के विरोध एवं पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम करने की मांग को लेकर विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा।
आज कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष @GovindDotasra जी ने प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक में आउटरीच अभियान की समीक्षा की। बैठक में संगणनात्मक गतिविधियों एवं महंगाई के खिलाफ 7 से 17 जुलाई तक प्रदेश कांग्रेस के प्रस्तावित अभियान को लेकर भी चर्चा की गई। pic.twitter.com/vjWqQPPU0p
— Rajasthan PCC (@INCRajasthan) June 29, 2021
जिसके तहत पेट्रोल पम्प पर आने वाले सभी लोगों से केन्द्र सरकार को दिए जाने वाले मांग पत्र पर हस्ताक्षर लिये जायेंगे। 16 जुलाई को प्रदेश के प्रत्येक जिले में बढ़ती मंहगाई के विरोध एवं पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी करने की मांग को लेकर 5 किलोमीटर की साईकिल यात्रा आयोजित की जायेगी। जिसमें कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक सहित निवर्तमान जिलाध्यक्ष, निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष एवं प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे। 17 जुलाई को केन्द्र सरकार के विरूद्ध प्रदेश स्तरीय मार्च आयोजित किया जायेगा।
बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी, डॉ. जितेन्द्र सिंह, हरिमोहन शर्मा, रामलाल जाट, गोविन्दराम मेघवाल, श्रीमती नसीम अख्तर इंसाफ, महासचिव हाकम अली खान, वेदप्रकाश सोलंकी, राकेश पारीक, मुख्यालय सचिव ललित तूनवाल, सचिव प्रशांत सहदेव शर्मा, फूलसिंह ओला, गजेन्दसिंह सांखला, पुष्पेन्द्र भारद्वाज, महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती रेहाना रियाज, एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल, दिनेश खोडनिया, फतेह खान एवं जाकिर हुसैन गैसावत ने सुझाव दिए।
