जयपुर। बांग्लादेश आजादी युद्ध में भारतीय सेना की अभूतपूर्व ऐेतिहासिक जीत की 50वीं वर्षगाँठ के कार्यक्रमों को वर्षभर समारोहपूर्वक आयोजित करने व देश की आजादी के 75वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाने के उद्देश्य से गठित समारोह समिति की प्रथम बैठक आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर पर सम्पन्न हुई। बैठक में भारत-पाकिस्तान में युद्ध में शौर्य प्रदर्शित करने वाले सैनानियों तथा उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। बैठक में मुख्य अथिति के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के पूर्व सचिव तथा अखिल भारतीय स्तर पर गठित समारोह समिति के राष्ट्रीय प्रभारी कैप्टन प्रवीण डावर शामिल हुए एवं बैठक की अध्यक्षता राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने की।
बैठक को सम्बोधित करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि देश की आन-बान-शान के लिये कार्य करने वाले तथा देश की आजादी को अक्षुण रखने वाले वीर सैनिक एवं परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद होशियार सिंह के सुपुत्र विजय सिंह आज इस समारोह में उपस्थित हैं जिन्हें सम्मानित कर गौरव का अनुभव हो रहा है।
अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के पूर्व सचिव तथा अखिल भारतीय स्तर पर गठित समारोह समिति के राष्ट्रीय प्रभारी कैप्टन प्रवीण डावर ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की सेना के शौर्य एवं तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इन्दिरा गॉंधी की दृढ़ इच्छा शक्ति के परिणामस्वरूप वर्ष 1971 में भारत ना केवल पाकिस्तान को युद्ध में धूल चटाई बल्कि पाकिस्तान के दो टुकड़े कर विश्व का भूगोल परिवर्तित कर इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि 1962, 1965 एवं 1971 में जो युद्ध लड़े गये उस दौरान भी देश की संसद चलती रही तथा प्रत्येक पल की सूचना संसद के समक्ष रखी गई, किन्तु आज पड़ौसी देश चीन हमारे देश की सीमा के अन्दर घुस आया, लेकिन केन्द्र सरकार द्वारा संसद एवं जनता के समक्ष सही तथ्य प्रस्तुत नहीं किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि 1971 के युद्ध में स्व. इन्दिरा गॉंधी द्वारा लिये गये निर्णयों के कारण पाकिस्तान की आर्मी, एयरफोर्स तथा नेवी को जिस प्रकार से ध्वस्त किया गया उसी का परिणाम है कि पाकिस्तान आज भी अपने पैरों पर खड़ा होने में असमर्थ है।
बांग्लादेश आजादी युद्ध 1971 के 50 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश समिति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में परमवीर चक्र विजेता शहीद कर्नल होशियार सिंह के सुपुत्र विजय सिंह, वीर चक्र विजेता शहीद हवलदार गंगाधर की पुत्री श्रीमती सजना, सेना मेडल से सम्मानित ब्रिगेडियर भगवान सिंह, कर्नल आर. के. बिजारणिया, कर्नल श्रीनिवास रेपसवाल, सेना मेडल विजेता कैप्टन सुखदेव सिंह, कैप्टन हरी सिंह, कैप्टन उयाकत अली, कैप्टन लियाकत अली खान, कैप्टन हाजी खान, ओनोरेरी कैप्टन अलादीन खान, ओनोरेरी कैप्टन अमरदीन सिंह, रिसालदार मेजर यासीन खान, सूबेदार भरतसिंह, रिसालदार गुलजार अहमद, सूबेदार इकबाल खान, डीएफआर युसुफ अली खान, एलडी खान मोहम्मद, नायक मकसूद खान, हवलदार रघुवीर सिंह को सम्मानित किया गया।
बैठक को प्रदेश स्तरीय समिति के संयोजक एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने भी सम्बोधित किया। मंच संचालन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सचिव ललित तूनवाल ने किया।

