जयपुर : मीडिया से रूबरू होते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी और आरएसएस के ऊपर हमला बोलते हुए कहा कि आज ऐसे लोग देश की सत्ता में हैं, जो लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं। ये लोग किसानों, युवाओं, बेरोजगारों सहित हर वर्ग के साथ ठगी कर रहे हैं। मैंने ऐसे ही इन लोगों को ठग और ठगोरा नहीं कहा है। ये मंदिर के नाम पर भी ठगी कर रहे हैं। RSS के लोग भारती भवन में 20-20 करोड़ की रिश्वत मांगते दिख रहे हैं। एक अभी जेल में है और एक का अता-पता नहीं है।
आजादी के आंदोलन में योगदान नहीं
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि बीजेपी-RSS के लोगों का आजादी के आंदोलन में कोई योगदान नहीं है। ये देश में झूठ फैला रहे हैं। वे सेना के शौर्य के पीछे छिपकर एक बार चुनाव क्या जीत गए, जनता को परेशान करके रख दिया। इन ठगों को हटाने के लिए पूरे देश में कांग्रेस अभियान चलाएगी। देश की जनता को कांग्रेस का इतिहास बताएगी। जब तक हम जनता को कांग्रेस का इतिहास नहीं बताएंगे, तब तक ये ठग लोग जनता को गुमराह करते रहेंगे। बांग्लादेश को आजाद हुए 50 साल हो गए हैं। उसकी वर्षगांठ मनाई जा रही है। बीजेपी ने ऐसा प्रचारित किया कि जैसे देश के विकास और आजादी के आंदोलन में उनका ही योगदान हो। देश का 90 फीसदी विकास कांग्रेस सरकारों ने किया है।
चंदा चोरी का काम कर रही बीजेपी
डोटासरा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राममंदिर बन रहा है। देश की 130 करोड़ जनता रामंमदिर बना रही है। मंदिर बीजेपी थोड़े ही बना रही है। बीजेपी तो चंदा चोरी का काम कर रही है। बीजेपी ने गलत बातें फैलाई। जय श्रीराम के नारे से कौन मना कर रहा है?
