जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए केंद्र को छापों वाली सरकार बताया। सीएम गहलोत ने कहा कि हमारे यहां छापे पड़े, मेरे भाई के यहां भी छापे डाले। जब यह सरकार जाएगी तो आम आदमी कहेगा कि यह छापे वाली सरकार थी। महाराष्ट्र में जब अजीत पवार के यहां छापे पड़े तो उनकी सिस्टर के यहां भी छापा डाल दिया। पवार की सिस्टर दो कमरे के फ्लैट में रहती है।
सीएम गहलोत ने आगे बोलते हुए कहा कि अब तो बीजेपी वाले भी कहने लगे हैं कि विपक्ष मजबूत रहना चाहिए। राहुल गांधी को ये लोग समझ नहीं रहे हैं। मैं 10 महीने उनके साथ रहा हूं, वह समझदार हैं। किसी ने उनसे सवाल किया था कि बीजेपी मुक्त की बात क्यों नहीं करते तो उन्होंने कहा था कि बीजेपी-आरएसएस खत्म नहीं होने चाहिए, हम उनसे विचारधारा के आधार पर लड़ेंगे, दुश्मनी नहीं हैं,राहुल गांधी इस सोच के नेता हैं। आरएसएस-बीजेपी ने पहले इंदिरा गांधी को भी बदनाम करने का प्रयास किया। राजीव गांधी को भी बदनाम किया। इनकी रणनीति कांग्रेस के नंबर वन नेता पर हमले की रहती है।
मैं तीन बार केंद्रीय मंत्री, तीन बार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष , तीन बार राष्ट्रीय महासचिव और तीन बार मुख्यमंत्री बना हूं, आगे क्या होगा कोई नहीं जानता। मैंने एक मीटिंग में कहा कि मेरी जाति का एकमात्र एमएलए मैं खुद हूं, 36 कौम मुझ पर विश्वास करती है।
सीएम गहलोत ने कहा कि मैं कोई चाणक्य नहीं हूं। सच पर चलता हूं उसी से मेरा काम चलता है। सत्य ही ईश्वर है , मेरा विश्वास है, सच का कोई विकल्प नहीं होता, मैं उसी पर चलता रहूंगा।
