जयपुर: सवाईमाधोपुर में 5 जनवरी को रीको की बिजनेस मीट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार दानिश अबरार ने ही सवाल उठाते हुए काले झंडे दिखाने की चेतावनी दे दी है। सवाईमाधोपुर में 5 जनवरी को होने वाली बिजनेस समिट के निमंत्रण कार्ड पर सीएम, उद्योग मंत्री और जिले के जनप्रतिनिधियों के नाम नहीं होने पर दानिश अबरार ने नाराजगी जताते हुए सीएम गहलोत को ये चिट्ठी लिखी है।
दानिश अबरार ने पत्र में लिखा है कि इन्वेस्टमेंट समिट के आमंत्रण कार्ड पर मुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री शकुंतला रावत और जिले के किसी जनप्रतिनिधि का नाम नहीं होना यह साबित करता है कि ब्यूरोक्रेसी कितना ज्यादा जनप्रतिनिधियों पर हावी होना चाहती है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुखिया, मंत्री और जिले के जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से आमजन के बीच में सही राजनीतिक संदेश नहीं जाएगा। यह पत्र शिकायत पत्र नहीं है, यह सूचनार्थ पत्र है। हम अफसरों के जरिए हमारे प्रदेश के मुखिया और मंत्री की उपेक्षा सहन नहीं कर सकते।अबरार ने ब्यूरोक्रेसी के हावी होने पर नाराजगी जताते हुए कार्यक्रम को काले झंडे दिखाने की चेतावनी दी है। जनवरी में गहलोत सरकार निवेश लाने का दावा करते हुए बड़ा इन्वेस्टमेंट समिट करने जा रही है।
रीको की समिट के कार्ड में केवल पीडब्ल्यूडी मंत्री भजनलाल जाटव, सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के सचिव समित शर्मा, भरतपुर संभागीय आयुक्त पीसी बेरवाल, सवाईमाधोपुर कलेक्टर राजेंद्र कृष्ण के ही नाम हैं। कायदे से सीएम,उद्योग मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नाम होने चाहिए थे।

