Headlines

जयपुर में SMS स्कूल के 2 छात्र निकले कोरोना पॉजिटिव

जयपुर में SMS स्कूल के 2 छात्र निकले कोरोना पॉजिटिव

जयपुर: राजस्थान में कोरोना महामारी एक बार फिर पैर पसारने लगी है। राज्य में 100% क्षमता के साथ स्कूल खुलने के 24 घंटे में ही अब स्कूली छात्र कोरोना की चपेट में आने लगे हैं। मंगलवार को जयपुर के महाराजा सवाई मानसिंह स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्र कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसके बाद SMS स्कूल प्रबंधन ने अगले 4 दिनों के लिए ऑफलाइन पढ़ाई को बंद कर दिया है।

महाराजा सवाई मानसिंह स्कूल प्रबंध समिति के सदस्य दामोदर गोयल ने बताया कि कक्षा तीन और छठी में पढ़ने वाले एक ही परिवार के भाई-बहन कोरोना संक्रमित आए हैं। सोमवार रात संक्रमित बच्चों के परिजनों ने ही स्कूल प्रबंधन को उनके पॉजिटिव होने की बात बताई। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन अगले 4 दिनों तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। गोयल ने बताया कि इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई चालू रहेगी, ताकि स्कूल के दूसरे बच्चे घर बैठ भी पढ़ सकें।

वहीं, महाराजा सवाई मानसिंह स्कूल में बच्चों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पेरेंट्स में डर का माहौल है। पेरेंट रवि शर्मा ने बताया कि सरकार ने जल्दबाजी में 100% क्षमता के साथ स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। जो सरासर गलत है। फिलहाल वैक्सीन छोटे बच्चों को नहीं लगी है। ऐसे में जब तक छोटे बच्चों को वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लग जाती, तब तक पूरी क्षमता के साथ स्कूल नहीं खोले जाने चाहिए।

वहीं अभिभावक एकता संघ के संयोजक मनीष विजयवर्गीय ने ऑनलाइन पढ़ाई सुचारु रखने की बात कही है। विजयवर्गीय ने कहा कि सरकार ने निजी स्कूलों को फायदा देने के लिए आनन-फानन में 100% क्षमता के साथ स्कूल खोलने का निर्णय लिया है, जो गलत है। राजस्थान अभिभावक एकता संघ इसका पुरजोर विरोध करता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *