जयपुर: राजस्थान सरकार ने IPS भूपेंद्र दक को पदोन्नति का तोहफा देते हुए महानिदेशक (DG) बनाया है। इस पदोन्नति के साथ ही सरकार ने भूपेंद्र दक को DG जेल की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में राज्य सरकार ने बुधवार रात को आदेश जारी किया। अब तक प्रदेश में डीजी जेल का जिम्मा संभाल रहे आईपीएस राजीव दासोत 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए।
इसके बाद डीजी का एक पद खाली होने पर सरकार ने वर्ष 1989 बैच के राजस्थान कैडर के IPS भूपेंद्र दक को डीजी के पद पर पदोन्नत करते हुए जेल महकमे का मुखिया बनाया। आदेश जारी होने से पहले आईपीएस भूपेंद्र दक प्रदेश में अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) हैडक्वार्टर के प्रमुख पद पर काबिज थे। आपको बता दें कि तीन महीने पहले ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हरी झंडी मिलने के बाद IPS भूपेंद्र दक को राज्य पुलिस आयोग के सचिव के पद पर नियुक्त किया था।
इसके पहले भी भूपेंद्र दक जेल विभाग, पुलिस आयोजना व कल्याण सहित कई अहम पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। दक ने जोधपुर के MBM कॉलेज से ही इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद दिल्ली से आईआईटी की और फिर आईपीएस बने।
