उदयपुर : REET के बाद अब फायरमैन सीधी भर्ती परीक्षा में भी हाईटेक नकल का मामला देखने को मिला है। उदयपुर के एक सेंटर पर युवक मास्क में ब्लूटूथ लगाकर नकल करने पहुंचा। घटना राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय अम्बेडकर नगर सेक्टर-4 की है। ब्लूटूथ से नकल करते आरोपी नरेंद्र कुमार यादव को पकड़ लिया गया। 23 वर्षीय नरेंद्र हरियाणा के महेंद्रगढ़ के सलीमपुर का रहने वाना है। इसके पिता का नाम दयाराम यादव है।
उदयपुर की हिरण मगरी पुलिस के थानाधिकारी रामसुमेर मीणा ने बताया कि नरेंद्र ने मास्क के अंदर ब्लूटूथ डिवाइस लगा रखा था। वहीं, सुनने के लिए कान में भी एक ईयरफोन लगाया हुआ था। इनविजिलेटर ने युवक को बात करते हुए सुन लिया और पुलिस को सूचना दी। युवक को गिरफ्तार कर ब्लूटूथ जब्त कर लिया गया है। लड़के से इस तरह के ब्लूटूथ डिवाइस बनाने वाले गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि ब्लूटूथ डिवाइस में सिम कार्ड भी लगा हुआ था। यह दूसरे फोन से ऑटोमैटिक कनेक्टेड रहता है। लड़के ने मास्क में ब्लूटूथ लगा रखा था और दूसरी तरफ बैठे व्यक्ति को धीरे से सवाल बताकर उससे जवाब पूछ रहा था।
