जयपुर: राजस्थान टाइगर रिजर्व में कार्यरत फील्ड स्टाफ के लिए खुशखबरी है। राजस्थान के अब तक के इतिहास में पहली बार राजस्थान टाइगर रिजर्व में कार्यरत फील्ड स्टाफ को मैस भत्ता मिल सकेगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
वन विभाग के शासन सचिव बी. प्रवीण के अनुसार राजस्थान टाइगर रिजर्व में कार्यरत फील्ड स्टाफ को मैस और राशन अलाउंस देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। इस अधिसूचना के अनुसार केंद्रीय प्रायोजित बाघ परियोजना रणथंभोर, सरिस्का और मुकुंदरा हिल्स में कार्यरत फ्रंटलाइन स्टॉफ (वनपाल, सहायक वनपाल, वाहन चालक, वनरक्षक और कार्य प्रभारित कर्मचारियों) को 860 प्रति माह की दर से राशन भत्ता मिलेगा।
खुशी के साथ सूचित कर रहा हूँ कि राजस्थान के रणथंभौर, सरिस्का और मुकुन्दरा हिल्स बाघ परियोजनाओं में तैनात फील्ड स्टाफ को अब राशन भत्ते (mess/ration allowance) के रूप में 860 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। @ForestRajasthan
— सुखराम बिश्नोई (@MlaSanchore) June 17, 2021
उन्होंने बताया कि राशन भत्ता बाघ परियोजना के लागू रहने तथा संबंधित कार्मिक के बाघ परियोजना में पदस्थापन अवधि में ही मिलेगा। केंद्रीय प्रायोजित योजना के रूप में मैस भत्ते के तहत 60 प्रतिशत राशि केंद्र और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
उक्त घोषणा पर मंत्री बिश्नोई ने कहा कि राजस्थान के रणथंभौर, सरिस्का और मुकुन्दरा बाघ परियोजनाओं में तैनात फील्ड स्टाफ को अब राशन भत्ते के रूप में 860 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे। राज्य के फील्ड स्टाफ की यह लम्बे समय से वाजिब व उनकी मेहनत के अनुरूप मांग थी, जिस पर अमल किया गया है। उन्होंने इस संवेदनशील निर्णय के लिए माननीय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ केंद्र के वन मंत्रालय का भी आभार जताया है।
