चूरू : जेल में बंद गैंगस्टर संपत नेहरा ने अपने गुर्गों को भेज शोरूम मालिक को वीडियो कॉलिंग कर धमकाया है। नेहरा ने चूरू जिले के सेनेटरी एंड टाइल्स शोरूम मालिक को कहा कि अभी केवल बात करने के लिए भेजा है। अगली बार बात नहीं करूंगा। सीधे गोली चलवा दूंगा। याद रखना, तेरे शोरूम पर आदमी भेज सकता हूं तो घर भी भेज सकता हूं। पिस्टल की नोंक पर गैंग के सदस्य रुपए भी लूटकर भाग गए। पुलिस सीसीटीवी से पहचान कर लुटेरों की तलाश कर रही है।
चूरू के कोतवाली थानाधिकारी सतीश यादव ने बताया कि वार्ड पांच में सेनेटरी एंड टाइल्स शोरूम है। शोरूम मालिक साजिद ने गैंगस्टर संपत नेहरा और उसके चार साथियों के खिलाफ लूट का मामला बुधवार देर रात दर्ज करवाया है। मालिक ने बताया कि बुधवार शाम वीडियो कॉल पर गैंगस्टर संपत नेहरा ने उसे और उसके भाइयों को जान से मारने की धमकी दी है। साजिद ने बताया कि कुछ दिन पहले एक जमीन का सौदा किया था। उसके बाद से रुपयों की डिमांड करते हुए गैंगस्टर के गुर्गे परेशान कर रहे हैं। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी कराई है। डीएसपी ममता सारस्वत ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और सीसीटीवी फुटेज देंखे।
शोरूम पर बुधवार शाम एक लग्जरी कार में चार बदमाश आए थे। शोरूम पर मालिक साजिद, स्टाफ और एक ग्राहक मौजूद था। बदमाशों ने साजिद को घेर लिया। खुद को संपत नेहरा गैंग का बताया। एक बदमाश ने अपने मोबाइल से वीडियो कॉल लगाया और नेहरा से बात करने को कहा। बदमाश ने साजिश को फोन पकड़ा दिया।
मेरा फोन नहीं उठा रहा
गैंगस्टर ने वीडियो कॉल पर साजिद को कहा कि तेरे भाई मुबारिक व इमरान को कई बार फोन किया। वह मेरा फोन नहीं उठा नहीं रहा। अभी केवल बात करने के लिए भेजा है। ज्यादा बात की तो अभी गोली चलवा दूं। अगली बार बात नही करूंगा। थाना, तहसील में कोई बात हो गई न तो ठीक नहीं होगा। याद रखना। जब मैं तेरे शोरूम पर आदमी भेज सकता हूं तो तेरे घर भी भेज सकता हूं। तेरे भाई को बोल देना- यह मेरे इंडिया की नंबर है। कोई फर्क नहीं पड़ता। अभी गोली मारूं क्या? इतने में नेहरा के गुर्गे ने साजिद की कनपटी पर बंदूक रख दी। नेहरा ने धमकी देकर कहा कि अपने भाई से मेरी बात करा देना।
शोरूम मालिक साजिद ने बताया कि गैंगस्टर संपत नेहरा ने 5 जनवरी और 12 जनवरी को उसके भाइयों को फोन किया था। फोन से पहले मैसेज आया था। उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस बात से नाराज होकर गैंगस्टर ने अपने गुर्गों को भेज दिया है। वीडियो कॉल पर भी नेहरा ने उसका फोन नहीं उठाने पर धमकाया। एसपी नारायण टोगस ने बताया कि शोरूम मालिक ने वीडियो कॉल पर संपत नेहरा के होने की बात सामने आई है। वह जेल में बंद है। मामले की जांच की जा रही है।

