Headlines

पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल का निधन,मुख्यमंत्री सहित कई राजनेताओं ने दी श्रद्धांजलि

जालौर/सिरोही: लंबे समय से किडनी और लीवर की बीमारी से ग्रसित पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल का आज बुधवार को 66 साल की उम्र में निधन हो गया। जालौर में उन्होंने अंतिम सांस ली। सांसद मेघवाल का सिरोही जिले से भी बहुत गहरा नाता रहा था। उनके निधन की खबर उनके रिश्तेदार भरत कुमार ने दी। गांव की पंचायत से अपना राजनीतिक करियर शुरू करने वाले मेघवाल 1996 में 11वीं लोकसभा में कांग्रेस के टिकट पर वे जालोर-सिरोही क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा के गेनाराम मेघवाल को 6 हजार 840 वोटों से हराया। उनके निधन से सिरोही जिले भर में शोक की लहर छा गई।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि जालोर-सिरोही से पूर्व सांसद रहे श्री पारसाराम मेघवाल के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। स्व. श्री मेघवाल ने क्षेत्र में कार्य करते हुए महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। ईश्वर से प्रार्थना है शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति दें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जालोर-सिरोही के पूर्व लोकसभा सांसद श्री पारसाराम मेघवाल जी के आकस्मिक निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। इस बेहद कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों मे स्थान दें एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री के अलावा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई अन्य नेताओ ने भी शोक संवेदनाये व्यक्त की है।

पिछले विधानसभा चुनाव में रेवदर से बनना चाहते थे विधायक

15वीं विधानसभा के चुनाव के दौरान पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल रेवदर क्षेत्र में सक्रिय हुए थे। वे चाहते कि वे रेवदर विधानसभा सीट से कांग्रेस का टिकट लेकर चुनाव लड़ें। इसके लिए उन्होंने आलाकमान से रेवदर क्षेत्र के लिए टिकट की भी मांग की थी। मगर कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा सांसद नीरज डांगी पर विश्वास जताकर उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया था।

जीवन परिचय

जालौर जिले के मडगांव के केसाराम मेघवाल के घर में 12 दिसंबर 1954 में पारसराम मेघवाल का जन्म हुआ था। सबसे पहले 1980 में वे पंचायत समिति के सदस्य बने। 1981 से 84 तक चुरा ग्राम सेवा सहकारी समिति के उपाध्यक्ष रहे। 1985 से 1090 तक मडगांव के उप सरपंच भी रहे। 1995 में वे जालोर जिला कांग्रेस कमेटी में संयुक्त सचिव के पद पर रहे। 1995 से 1996 तक वे जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद पर रहे। इसके बाद वे वर्ष 1996 में 11वीं लोकसभा में वे कांग्रेस की टिकट से सांसद निर्वाचित हुए। वर्तमान में जालोर जिला योजना समिति के सदस्य भी रहे थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *