कोटा: बीजेपी के पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत सोमवार को बोतल में फ्लोराइड युक्त पानी लेकर पीएचईडी डिपार्टमेंट कार्यालय पहुंचे और एडिशनल चीफ इंजीनियर ( ACE) महेश जांगिड़ को जबरन पिला दिया। राजावत ने कहा, आम जनता फ्लोराइड युक्त पानी पीकर बीमार हो रही है, ऐसे में अधिकारियों को भी ये पानी पीकर देखना चाहिए। राजावत ने चेतावनी दी है कि आगामी समय में भी अगर इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जलदाय विभाग के ऑफिस में ताले लगा दिए जाएंगे।
दरअसल, कोटा के धाकड़ खेड़ी व गणेशपुरा समेत आस-पास के गांवों में पानी सप्लाई नहीं हो रहा है। पूर्व विधायक का कहना था कि जहां पानी सप्लाई हो रहा है वहां फ्लोराइड युक्त पानी है। इसी शिकायत लेकर पूर्व विधायक राजावत, ग्रामीण और उनके समर्थक प्रदर्शन करने पीएचईडी डिपार्टमेंट पहुंचे। यहां वे अपने साथ एक बोतल में फ्लोराइड युक्त पानी भी लाए। उन्होंने एडिशनल चीफ इंजीनियर को पानी की बोतल पकड़ाते हुए कहा कि इसे पीकर देखना पड़ेगा। बोतल में गांव से भरकर लाया गया फ्लोराइड युक्त पानी था। लोगों ने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्हें जबरन पानी पिलाया। वहीं एडिशनल चीफ इंजीनियर महेश जांगिड़ का कहना है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जिन इलाकों में पानी की सप्लाई नहीं हो रही, ऐसे में वहां पानी पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फ्लोराइड युक्त पानी को लेकर लोगों में गलतफहमी है।
