जयपुर: राजस्थान में चुनावों से पहले कांग्रेस-बीजेपी में हलचल बढ़ गयी है। दोनों पार्टिया एक दूसरे की पार्टियों में सेंध लगाकर अपना कुनबा बढ़ा रही है। वही बीजेपी इस मामले में ज्यादा सक्रिय दिखाई दे रही है। आज कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया के बेटे ओम प्रकाश पहाड़िया ने भाजपा ज्वाइन की है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रभारी अरूण सिंह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने पहाड़िया समेत चार लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलवाई। इनमें कांग्रेस नेता बृजेन्द्र सिंह शेखावत, बसपा नेता अशोक वर्मा और रिटायर्ड आईएएस चंद्रमोहन मीणा भी शामिल है। इससे पहले कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता सुभाष महरिया सहित कई रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स ने भाजपा ज्वाइन की थी।
इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। जबकि कांग्रेस एक डूबता जहाज है। जिसका भविष्य अंधकार में है। वहीं भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों को पता है कि वे जिस पार्टी में जा रहे हैं। उसके पास मजबूत नेतृत्व है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन से परेशान होकर ये लोग बीजेपी के साथ आए हैं। बीजेपी का परिवार लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस सरकार से लोगों का विश्वास उठ गया है। अब सीएम सिर्फ खोखली घोषणाएं कर रहे हैं।