कुष्ठाश्रम में रह रहे अंतःवासियों एवं उनके बच्चों का जन्मदिन मनाया

कुष्ठाश्रम

जयपुर। अपने परिजनों एवं विख्यात लोगों का जन्मदिन तो सभी मनाते हैं लेकिन समाजसेवी हरीश अरोड़ा एवं उनकी धर्मपत्नी प्रमिला अरोड़ा ने एक नई पहल को आगे बढ़ाते हुए सार्थक मानव कुष्ठाश्रम में रह रहे उन अंतःवासियों एवं उनके बच्चों का जन्मदिन, जिनका जन्म जनवरी, फरवरी एवं मार्च माह में हुआ था, हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर आश्रम के सभी आवासी उपस्थित थे। सर्व प्रथम जन्मदिन मनाने का कार्यक्रम अरोड़ा दंपति द्वारा ही प्रारम्भ किया गया है।

सर्वप्रथम अरोड़ा दंपति ने इन सब का माल्यार्पण कर स्वागत किया एवं उनसे केक कटवाकर जन्मदिन पार्टी का शुभारंभ किया। उन्होंने उन सभी 21 अंतःवासियों को गिफ्ट भी दिए जिनका जन्मदिन मनाया गया। अंतःवासियों ने जन्मदिन का गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को ओर भी खुशनुमा बना दिया। संस्था उपाध्यक्ष छोटु प्रसाद ने बताया कि जीवन में यह पहल सर्वप्रथम अरोड़ा दंपति ने ही की है कि कुष्ठाश्रम के अंतः वासियों का जन्मदिन मनाया जा रहा है। इसके लिए हम सब भाव विभोर हैं। कार्यक्रम में सभी अंतःवासियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी अरोड़ा दंपति द्वारा की गई। संस्था अध्यक्ष सुरेश कौल ने अरोड़ा दंपति का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज में व्याप्त कुष्ठरोग के प्रति गलत अवधारणा एवं घृणा को दूर करने के लिए ऐसे आयोजन महती भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *