Headlines

राजस्थान में दौड़ेगी बुलेट ट्रेन: दिल्ली से अहमदाबाद के बीच 350 की रफ्तार से दौड़ेगी

बुलेट ट्रेन

उदयपुर : स्मार्ट सिटी उदयपुर को बहुत ही जल्द दिल्ली से अहमदाबाद के बीच 350 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार से चलने वाली बुलेट ट्रेन मिलेगी। दिल्ली से अहमदाबाद मात्र 3 घंटे में पहुंचाने वाली इस ट्रेन का सफर 875 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर होगा। इसका लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा यानी 657 किलोमीटर ट्रैक राजस्थान से गुजरेगा। यह ट्रैक राजस्थान के 7 जिलों अलवर, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर जिले से गुजरेगा। इसमें उदयपुर जिले का ट्रैक कुल 127 किलोमीटर का रहेगा।

इसको लेकर नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों ने उदयपुर कलेक्टर चेतन देवड़ा के सामने इस प्रोजेक्ट को लेकर प्रेजेंटेशन दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस पूरी योजना के लिए हेलीकॉप्टर से पूरे ट्रैक का सर्वे किया जाएगा। इस सर्वे के आधार पर विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

राज्य में 9 स्टेशन, उदयपुर व डूंगरपुर में 1-1
प्रेजेंटेशन के दौरान राइट्स के डीजीएम पी.के.राव ने बताया कि राजस्थान में 657 किलोमीटर ट्रैक में कुल 9 स्टेशन बनाएं जाने प्रस्तावित हैं। बहरोड़, शाहजहांपुर, जयपुर, अजमेर, विजयनगर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर में स्टेशन बनेंगे। इस ट्रेन से दिल्ली से अहमदाबाद का सफर 3 घंटे में तय हो सकेगा।

पूरा ट्रैक एलिवेटेड बनेगा
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनुप अग्रवाल व सर्वे मैनेजर राजीव दत्त के नेतृत्व में अधिकारियों ने प्रजेंटेशन से जानकारी दी। जिसमें बुलेट ट्रेन की कुल 7 डीपीआर में से दिल्ली-अहमदाबाद हाई स्पीड ट्रेन की डीपीआर तैयार करने संबंधित बिंदुओं को बताया। कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के संचालन में सुरक्षा संबंधित तकनीकी कारणों से पूरा ट्रैक हवा में यानी पिलर्स पर एलिवेटेड बनाया जाएगा। साथ रही उदयपुर जिले में 1 किलोमीटर से कम दूरी की 8 टनल भी बनाई जाएंगी, जो जमीन पर होंगी। इस मायने में जमीन अधिग्रहण का मामला कम से कम रहेगा। इसी तरह यह ट्रैक 5 नदियों के ऊपर से भी गुजरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *