Headlines

BSF ने पाकिस्तान बॉर्डर पर किया अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन

BSF ने पाकिस्तान बॉर्डर पर किया अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन

बीकानेर: पाकिस्तान से भारत में हेरोइन की तस्करी का बड़ा भंडाफोड़ BSF ने किया है। संभवत: अब तक की सबसे बड़ी सीजर करते हुए बीएसएफ ने 54 किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 270 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। हेरोइन पीवीसी पाइप में डालकर तारबंदी के उस पार से भारतीय सीमा में डाली गई थी। देर रात आंधी और तूफान के बीच BSF के जवानों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। हालांकि पीवीसी पाइप को यहां तक पहुंचाने में सफल हुए पाकिस्तानी तस्कर बाद में भागने में सफल हो गए।

BSF के IG पंकज कुमार के निर्देश पर देर रात इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। IG पुष्पेंद्र सिंह को जब घटना के बारे में पता चला तो वो भी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही खाजूवाला की चौकी को भी सूचना दी गई। खाजूवाला से सटी सीमा पर BSF की 127 बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे। गश्त दे रहे जवानों को इसका आभास हो चुका था कि सीमा पर कुछ हरकत हो रही है। आंधी और तूफान के बीच भी सीमा पर होने वाली हरकत को देखने वाले उपकरणों के सहयोग से पाकिस्तानी तस्करों को ढूंढा गया, लेकिन वो काफी आगे निकल चुके थे।

कैसे पहुंचा हमारी सीमा में

पाकिस्तान से हेरोइन भारतीय सीमा में पहुंचाने के लिए एक लंबे पीवीसी पाईप को काटा गया। हर पाइप में एक किलो हेरोइन डाली गई। इस तरह 54 पाइप के टुकड़ों में 54 किलो हेरोइन डालकर सभी टुकड़ों को एक लंबे मजबूत कपड़े से बांध दिया गया। हर पाइप के टुकड़े के दोनों और उस कपड़े को भी बांध दिया गया। ऐसे में एक से दूसरा पाइप टकरा नहीं सके। तारबंदी के नीचे से इसे भारतीय सीमा की ओर धकेल दिया गया। बीकानेर से DIG पुष्पेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम खाजूवाला से मौके पर पहुंची। बीएसएफ के जवान किसी भी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पूरी तरह तैयार थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *