Headlines

मेयर सौम्या गुर्जर को बड़ी राहत, कोर्ट ने किया आरोप मुक्त

जयपुर: जयपुर नगर निगम ग्रेटर की मेयर सौम्या गुर्जर को सोमवार को नीचली अदालत से बड़ी राहत मिली है। पिछले साल जून में नगर निगम आयुक्त यज्ञमित्र सिंह से हुए विवाद के बाद उनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज करके कोर्ट में चालान पेश किया था। इस पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने सौम्या को दोषमुक्त कर दिया है। इस मामले में अन्य 4 पार्षदों के खिलाफ कोर्ट ने चार्ज लगा दिया है। अब इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई होगी।

सौम्या गुर्जर की तरफ से एसीजेएम (अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) कोर्ट 8 में एडवोकेट नाहर सिंह माहेश्वरी और नीयति माहेश्वरी ने पैरवी की। एडवोकेट नाहर सिंह ने बताया कि पिछले साल 6 जून को आयुक्त यज्ञमित्र सिंह और मेयर सौम्या गुर्जर के बीच हुए विवाद हुआ था। इसके बाद आयुक्त ने चार पार्षद अजय सिंह, पारस जैन, शंकर शर्मा और रामकिशोर के खिलाफ धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए ज्योति नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

FIR में इन पार्षदों के अलावा मेयर सौम्या गुर्जर का नाम नहीं था, लेकिन पुलिस ने सौम्या को भी इसमें शामिल करते हुए कोर्ट में चालान पेश कर दिया। 4 बार हुई सुनवाई और बहस के बाद सोमवार को कोर्ट ने सौम्या को दोषमुक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *