Headlines

बेनीवाल ने लोकसभा में किसानों की सम्पूर्ण कर्ज माफी की उठाई मांग, राहुल पर टिप्पणी की तो सदन में हुआ जबरदस्त हंगामा

बेनीवाल

नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोमवार को लोकसभा में शून्य काल मे किसानों की आर्थिक स्थिति पटरी पर लाने के लिए राजस्थान सहित देश भर के किसानों की सम्पूर्ण कर्ज माफी की मांग उठाई। सांसद बेनीवाल ने कहा राजनैतिक दल सत्ता में आने के लिए किसानों को माध्यम बना लेते है, मगर बाद में किसानों को नजरअंदाज करने लग जाते है।

राहुल गांधी के नाम पर हंगामा

सांसद हनुमान बेनीवाल ने 2018 के विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस के घोषणा पत्र को लहराते हुए कहा कि राहुल गांधी ने सत्ता में आने के 10 दिनों में किसानों के सम्पूर्ण कर्ज माफी की बात कही, मगर आज तक वादा पूरा नही हुआ। जिस पर कांग्रेस के सांसद अपनी सीटों से खड़े हो गए और राहुल गांधी का नाम लेने पर आपत्ति जताई और काफी देर तक सदन में हंगामा होता रहा।

सांसद बेनीवाल ने कहा चुनाव से पूर्व कोई राजनैतिक दल अपने घोषणा पत्र में किसी बात की घोषणा करता है और सत्ता में आने के बाद उसे पूरा नही करता है तो उसे छल की परिभाषा में शामिल करते हुए सम्बन्धित दल के विरुद्ध आईपीसी की धारा 419 आरोपित की जाए।

नशा बहुत बड़ा अभिशाप, लगे लगाम

आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोमवार को लोकसभा में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (संशोधन) बिल, 2021 की चर्चा में भाग लिया। सांसद ने युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर गहरी चिंता जताते हुए नशे पर रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की। सांसद बेनीवाल ने कहा कि गांजा, चरस के बाद वर्तमान में एमडी का नशा चरम पर है। किसान यदि एनडीपीएस के किसी मामले में झूठा पकड़ा जाता है तो उसकी सुनवाई नही होती। मगर कुछ दिन पूर्व एक अभिनेता शाहरुख खान का बेटा ड्रग्स के मामले में पकड़ा गया तब देश भर में हल्ला हुआ। सांसद बेनीवाल ने सरकार से एक ऑनलाईन पत्रिका के हवाले से पूछा कि यदि बॉलीवुड के मामले के बाद क्या सरकार यह कदम उठा रही है।

इन मांगों की तरफ किया ध्यान आकर्षित

सांसद बेनीवाल ने मेवाड़ क्षेत्र के अफीम उत्पादक किसानों की मांग पर मार्फिन के नियम को हटाने व सीपीएस पद्धति को लागू नही रखने तथा इस पद्धति पर किसानों की शंका को दूर करने, वर्ष 1998 से लेकर अब तक प्राकृतिक आपदा से यदि किसी अफीम उत्पादक किसान की खेती को नुकसान हुआ है तो इस अवधि में रुके हुए व कट्टे हुए पट्टे वापिस जारी करने तथा एनडीपीएस की धारा 8/29 पर स्पष्ट प्रवाधान बनाने की मांग की। क्योंकि इस धारा की आड़ में पुलिस व नारकोटिक्स विभाग जमकर दुरुपयोग करते है और कई बार निर्दोषों को फंसा दिया जाता है। साथ ही सांसद बेनीवाल ने अफीम उत्पादक किसानों की कई समस्याओ से सरकार को अवगत करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *