भरतपुर: भरतपुर के चर्चित डॉक्टर दंपती हत्याकांड के मुख्य आरोपी अनुज को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अनुज को बयाना के पास के एक गांव से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अनुज अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए जा रहा था, इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने बयाना इलाके में नाकेबंदी कर उसे गिरफ़्तार कर लिया। इस हत्याकांड को 15 दिन बीत चुके थे। पुलिस लगातार अनुज को पकड़ने के लिए दबिश दे रही थी। वहीं, इस मामले में लिप्त चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी से हत्याकांड का पूरा सीन दुबारा रिक्रिएट कराया जाएगा।
दरअसल, डॉक्टर दंपती की 28 मई की शाम को शहर के नीम दा गेट के पास दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना में अनुज का साथ उसके दो रिश्तेदारों ने दिया था। दोनों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अनुज को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है की आरोपी से हत्याकांड के उपयोग में ली गई हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।

ये है मामला
राजस्थान के भरतपुर में 28 मई को शाम 5 बजे को नीम दा गेट इलाके में दिनदहाड़े डॉक्टर दंपती की हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त डॉ. सुदीप गुप्ता और उसकी पत्नी डॉ. सीमा गुप्ता कार से कहीं जा रहे थे। इस दौरान बाइक से आए 2 युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
दो साल पहले डॉक्टर की पत्नी व मां ने अनुज की बहन को जलाया था
डॉ. सुदीप गुप्ता और उनकी पत्नी सीमा पर सुदीप की प्रेमिका दीपा गुर्जर व उसके बेटे शौर्य को जिंदा जलाकर मारने के आरोप थे। दीपा का भाई आरोपी अनुज 2 साल से डॉ. दंपती से बदला लेने की फिराक में था।
