अलवर: अलवर के 3 पुलिसवालों को गांव के लोगों ने बंधक बनाकर जमकर पीटा। एक ASI को तो जमकर थप्पड़ बरसाए और डंडे से मारा भी। इस दौरान एक युवक ने कुल्हाड़ी से भी हमले की कोशिश की। गांव वालों का आरोप था कि पुलिसवाले महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहे थे। जबकि घायल पुलिसकर्मियों ने बताया कि वे अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए गए थे। वहां ग्रामीणों ने हमला कर महिलाओं को आगे कर दिया।
मामला मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे का है। मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के अकबरपुर चौकी प्रभारी मनोज कुमार समेत तीन पुलिसकर्मियों को सावड़ी गांव में बंधक बनाकर पीटा गया। एएसआई ने बताया कि शुक्ल गांव में महिला के लापता होने की सूचना गई थी। इस पर गांव में तफ्तीश करने गए थे। वापस लौटते समय आस-पास गांव में अवैध शराब की सूचना मिली थी। इस पर वहां दबिश देने जा रहे थे। तभी गांव के लोग आ गए।पुलिसकर्मियों का आरोप है कि उनके पास अवैध कट्टा भी था। इनके खिलाफ पुराने मामले भी हैं। कुछ लोग शराब की अवैध भट्टियां चलाते हैं। एएसआई ने बताया कि उन्हें, कॉन्स्टेबल इंद्राज व सुरेश तीनों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया और मारपीट की।
एएसआई से ज्यादा मारपीट
एएसपी श्रीमल ने बताया कि सावड़ी गांव में पुलिस चौकी प्रभारी मनोज कुमार सहित दो अन्य कांस्टेबल अवैध शराब के मामले में दबिश देने पहुंचे थे। इसके बाद जबरन महिलाओं को बुलाकर उनसे छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए। ग्रामीणहों ने एएसआई से ज्यादा मारपीट की। उन्होंने बताया कि महिलाओं की शिकायत पर भी दर्ज की जाएगी। इसके साथ मारपीट मामले की भी जांच होगी।
