अलवर: एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगढ़ थाने में तैनात एक एएसआई और दलाल को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम दलाल और एएसआई से पूछताछ कर रही है। ACB की टीम को रामगढ़ थाने में तैनात एक एएसआई के खिलाफ रिश्वत लेने की शिकायत मिली थी।
एसीबी ने इस मामले का सत्यापन कराया जिसके बाद शनिवार को रामगढ़ में एसीबी ने कार्रवाई करते हुए एएसआई हरिप्रसाद और एक दलाल को 30 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि एक मामले में मदद करने की एवज में एसआई ने रिश्वत मांगी थी।
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि एएसआई के मोबाइल चेक किए जा रहे हैं। इसके अलावा उसके बैंक खातों की भी जांच पड़ताल की जाएगी। दलाल कब से एसआई के लिए काम कर रहा था। इसके अलावा किन-किन लोगों से उसके संबंध थे इन सब की भी जांच की जा रही है।
