किशनगढ़/अजमेर: किशनगढ़ के पावरलूम एरिया स्थित एक साइजिंग फैक्ट्री के कॉटन यार्ड में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। कॉटन फैक्ट्री होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की तेज लपटें दूर-दूर से नजर आने लगी। किशनगढ़ के साथ अजमेर और जीवीके के फायर ब्रिगेड छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री में आग से करीब एक करोड़ के माल का नुकसान बताया जा रहा है।
हादसा, सुभाष नगर पावर लूम एरिया में अनन्त साइजिंग फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 9 बजे अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के क्षेत्र में कई फैक्ट्रियां हैं। आग के वहां तक पहुंच सकती थी। ऐसे में अजमेर और जीवीके की दमकल को भी बुला लिया।
साइजिंग फैक्ट्री में रखे कच्चे माल धागा और कपड़े ने आग पकड़ी तो जल्दी से काबू नहीं हो पाया। फायर बिग्रेड ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब तीन बजे आग पर काबू पाने पर लोगों ने राहत की सांस ली। सूचना मिलने पर विधायक सुरेश टांक भी मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री मालिक ने बताया कि आग से करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है।