जयपुर : राजस्थान में बेरोजगारों के बढ़ते विरोध के बाद अब सरकार युवाओं को मनाने में जुट गई है। बुधवार को बेरोजगारों ने 14 सूत्री मांगों को लेकर विधानसभा घेराव किया था। इसके 24 घंटे बाद ही सरकार ने बेरोजगारों की चार मांगों को पूरा कर दिया है। लेकिन अब बेरोजगार अपनी 10 सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर फिर से आंदोलन की तैयारी में जुटे हैं।
राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार ने बेरोजगारों के आंदोलन के कुछ ही घंटों बाद पंचायती राज विभाग में जेईएन भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी है। जबकि REET की प्रदेश स्तर पर मेरिट निकालने पर का फैसला किया है। जिससे प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को इसका सीधा फायदा होगा। इसके साथ ही पीटीआई भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं कनिष्ठ अनुदेशक के लिए अप्रैल में भर्ती विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने कहा कि आंदोलन के बाद शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से बातचीत के बाद इन चार फैसले पर सहमति बन गई है। लेकिन अब भी बेरोजगारों की 10 मांगे लंबित है। जिन पर लगातार सरकार के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बातचीत का दौर जारी है। लेकिन अगर सरकार ने बेरोजगारों की लंबित मांगों को पूरा नहीं किया। तो प्रदेश के विरोध बार एक बार फिर 22 फरवरी को विधानसभा का घेराव करेंगे।
