सीकर: खाटूश्यामजी में 6 से 15 मार्च तक फाल्गुन लक्खी मेला भरेगा। भक्तों के पास डबल डोज वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट या RTPCR नेगेटिव रिपोर्ट होना जरूरी होगा। मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन की बैठक में गुरुवार को मेला भरने का फैसला लिया गया। वहीं मंदिर कमेटी ने भी एकादशी, द्वादशी ,रविवार को भी दर्शनों में छूट दी हैं।
कलेक्टर अविचल चतुर्वेदी ने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। भक्तों के पास डबल डोज वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट या 72 घंटे पुरानी RTPCR नेगेटिव रिपोर्ट होनी चाहिए। RTPCR रिपोर्ट दिखाने के बाद ही धर्मशाला और होटल में रुकने दिया जाएगा। मंदिर कमेटी को पाबंद किया गया है। श्रद्धालुओं की चेकिंग और कोरोना गाइडलाइन की पालना करवाते हुए दर्शन करवाया जाएगा। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने, भजन संध्या आदि पर रोक रहेगी। मंदिर कमेटी भी अपनी गाइड लाइन जारी करेगी।
रींगस मार्ग पर लगेगा चेकिंग काउंटर
मेले के दौरान भक्त रींगस मार्ग से पैदल आते हैं। रींगस मोड़ और कस्बे के द्वार पर चेकिंग काउंटर लगाया गया है। काउंटर पर वैक्सीन सर्टिफिकेट और RTPCR रिपोर्ट की जांच की जाएगी। रास्तों पर लगने वाले भंडारे पर रोक लगेगी। स्टॉल पर केवल पानी, छाछ, जूस मिलेगा, ताकि डिहाइड्रेशन की समस्या न हो।
कुंड स्नान पर रहेगी रोक
मेले के दौरान कुंड स्नान, भजन संध्या और कीर्तन समेत सभी आयोजनों पर रोक रहेगी। कलेक्टर ने कहा कि भीड़ न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। भक्त दर्शन कर ठहरे नहीं और वापस घर चले जाए।
पुलिस जाब्ता रहेगा मौजूद
एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने कहा कि मेले में पुलिस जाब्ता मौजूद रहेगा। भक्तों को लाइन में लगाकर आसानी से दर्शन करवाया जाएगा। सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट और RTPCR रिपोर्ट की जांच करेंगे। मेले के दौरान स्थानीय लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी ना हो, इसके लिए जरूरत पड़ने पर जाब्ता बढ़ाया जाएगा।
