जयपुर : खाटूश्यामजी से दर्शन कर दिल्ली लौट रहे परिवार की कार का नेशनल हाइवे पर शाहपुरा के पास बैलेंस बिगड़ने से एक्सीडेंट हो गया। हादसे में एक महिला की मौत और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जयपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
जयपुर-दिल्ली नेशनल हाइवे पर शाहपुरा के पास बुधवार सुबह करीब 7 बजे हादसा हुआ। दिल्ली के रहने वाले रामचंद्र शर्मा (50) अपने चचेरे भाई मुकेश शर्मा (40) और उनकी पत्नी रिंकू (35) के साथ कार से खाटूश्यामजी आए थे। खाटूश्यामजी में दर्शन करने के बाद वे वापस दिल्ली लौट रहे थे। वे बुधवार सुबह शाहपुरा में पहुंच गए थे। तभी खातोलाई पुलिया के पास उनकी कार की दूसरे वाहन से टक्कर हो गई।
हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में तीनों फंस गए। मौके पर काफी लोग जमा हो गए। लोगों ने मिलकर तीनों को कार से बाहर निकाला। आसपास के लोगों का कहना था कि एंबुलेंस काफी देर तक नहीं पहुंची थी। एंबुलेंस के लिए काफी इंतजार करना पड़ा था। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में डॉक्टरों ने रिंकू पत्नी मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामकुमार व मुकेश काे इलाज के लिए गंभीर अवस्था में जयपुर रैफर किया गया।
