जयपुर: जयपुर ग्रेटर निगम की महापौर रही सौम्या गुर्जर के पति राजाराम गुर्जर को ACB ने केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। बकायदा बीवीजी कंपनी से डील के मामले में एक केस भी दर्ज किया गया है। इसके साथ ही अब एक आईएएस अधिकारी, मामले से जुड़े राजनीतिक व अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है। वायरल वीडियो और ऑडियो में जिन अन्य लोगों के नाम हैं ACB उनसे भी पूछताछ करने की तैयारी पूरी कर चुकी है। एसीबी डीजी बीएल सोनी के निर्देशन में इस पूरे मामले पर कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि जिस BVG सफाई कंपनी के भुगतान को लेकर डॉ. सौम्या गुर्जर और पार्षदों ने विरोध किया उसी BVG कंपनी से डील के मामले में वायरल वीडियो और ऑडियो मामले में डॉ. सौम्या गुर्जर के पति राजाराम गुर्जर पर यह शिकंजा कसा गया है। इस वीडियो में सप्लीमेंट्री एग्रीमेंट करने और 276 करोड़ रुपये बकाया भुगतान दिलाने के नाम पर 20 करोड़ की डील करते हुए वो नजर आ रहे थे। बता दें कि इसस पहले निगम आयुक्त से मारपीट के मामले में ग्रेटर निगम की महापौर रही डॉ. सौम्या गुर्जर और तीन पार्षदों को पहले ही निलंबित कर दिया गया है।
यह था मामला
वीडियो में निलंबित मेयर डॉ. सौम्या गुर्जर के पति और उनके सामने BVG कंपनी के प्रतिनिधि बैठे हैं। जो नगर निगम में रुका हुआ बकाया भुगतान को लेकर डील कर रहे हैं। इस वीडियो में बकाया भुगतान के बदले डील का खेल चल रहा था। जिसमें एक अन्य राजनीति से जुड़ा बड़ा चेहरा भी मौके पर दिखाई दे रहा है। बकाया भुगतान होने पर 10 फीसदी यानी कि 20 करोड़ रुपये की डील एक कमरे में हो रही है।
