Headlines

जयपुर, सवाई माधोपुर में अवैध बजरी परिवहन के 29 वाहन जब्त

जयपुर : बजरी के अवैध खनन और परिवहन पर राज्य के माइंस विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार शाम से मंगलवार सुबह तक जयपुर में अवैध बजरी परिवहन करते पांच वाहन जब्त किए गए हैं, वहीं पिछले चार-पांच दिन में जयपुर के आसपास के क्षेत्रों में 15 वाहन और सवाई माधोपुर में 14 वाहन जब्त कर क्षेत्र के पुलिस थानों को सुपुर्द किया गया है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि बजरी के अवैध खनन और परिवहन को लेकर राज्य सरकार गंभीर है और बजरी प्रभावित सभी जिलोें में अवैध खनन व परिवहन पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि आदेशों की पालना में संबंधित अधिकारियों द्वारा सतर्कता दस्ते व चेकपोस्ट स्थापित कर कार्यवाही शुरु कर दी है। जयपुर और सवाईमाधोपुर में ही पिछले चार पांच दिनों में 29 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। अवैध बजरी खनन व परिवहन पर कार्यवाही के लिए अतिरिक्त निदेशक माइंस बीएस सोढ़ा को समग्र रुप से प्रभारी बनाया गया है।

WhatsApp Image 2021 08 10 at 4.38.09 PM

जयपुर जिले के लिए अधिकारियों की चार टीमें गठित

एसीएस माइंस डॉ. अग्रवाल मंगलवार को सचिवालय में जयपुर और भरतपुर में बजरी के अवैध खनन व परिवहन की समीक्षा कर रहे थे। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि जयपुर जिले के लिए अधिकारियों की चार टीमें बनाई गई है जिसमें कालवाड रोड के लिए सहायक खनिज अभियंता संजय शर्मा, खनिज कार्यदेशक अनिल वर्मा, आगरा रोड़ के लिए सहायक खनिज अभियंता अलवर राजेन्द्र सिंह चौधरी व खनिज कार्यदेशक जैद अली, अजमेर रोड़ व सीकर रोड़ के लिए सहायक खनिज अभियंता सतर्कता कोटपूतली अमी चंद दुहारिया व कार्यदेशक देवेन्द्र शर्मा और फागी रोड के लिए सहायक खनिज अभियंता सतर्कता मकराना घनश्याम चौहान, खनिज कार्यदेशक संतोष शर्मा के दलों का गठन किया गया है। चारों दलों में चार-चार बॉर्डर होमगार्ड नियोजित किए गए हैं।

एसएमई जयपुर व भरतपुर प्रताप मीणा ने बताया कि सवाई माधोपुर में दौलतपुरा, सूरवाल, लालपुरा उमरी, बांस की पुलियां, शिशोलाय, चौहानपुरा, भगवतगढ़, मलारना चौड, रामसिंहपुरा और भूखा में चैक पोस्ट स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि सभी चैकपोस्टों पर कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि बोंली, खण्डार, सवाई माधोपुर और कोतवाली थाना सवाई माधोपुर 14 वाहनों की जब्ती की कार्यवाही की गई है।

एसएमई प्रताप मीणा ने बताया कि करधनी और भांकरोटा क्षेत्र में एक डंपर एमसेंड, एक ट्रेक्टर ट्राली और एक डंपर बजरी का जब्त किया गया है। इसी तरह से सेज अजमेर रोड, रेनवालथाना में एक एक डंपर जब्त कर सुपुर्द किए गए हैं। समीक्षा बैठक में जेएस राजेन्द्र शंकर मक्कड, नीतू बारुपाल, ओएसडी महावीर मीणा, एसएमई एनएस शक्तावत सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *