जयपुर। कांग्रेस हाईकमान ने गहलोत सरकार से कांग्रेस घोषणा पत्र में किए वादों को पूरा करने का हिसाब मांगा है। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और सांसद अमर सिंह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ बैठक करके घोषणा पत्र पर अब तक हुए काम का रिव्यू किया। सीएम निवास पर घोषणा पत्र क्रियान्यवन समिति की बैठक में राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि अब तक 64 प्रतिशत घोषणा पत्र के बिन्दुओं के अनुसार निर्णय ले उनका क्रियान्वयन किया जा चुका है। दावे के मुताबिक 28 फीसदी घोषणाओं पर काम प्रगति पर है, जबकि 8 फीसदी घोषणाओं पर काम बाकी है।
सोनिया गांधी तक जाएगी रिपोर्ट
ताम्रध्वज साहू की अध्यक्षता वाली कमेटी की यह दूसरी बैठक है। पिछले साल 25 सितंबर को इस कमेटी की बैठक हुई थी। ताम्रध्वज साहू ने जयुपर पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि सोनिया गांधी के आदेश पर आज दोबारा घोषणा पत्र कमेटी की बैठक लेने आया हूं। राजस्थान सरकार ने कांग्रेस घोषणा पत्र पर कितना काम किया है, इसका रिव्यू करेंगे। रिव्यू के बाद आलाकमान को रिपोर्ट देंगे। आपको बता दे कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 28 जुलाई को सभी मंत्रियों और विभागों के प्रमुख अफसरों के साथ बैठक करके अब तक घोषणाओं पर हुए काम का रिव्यू किया था। कल सभी मंत्री अपने-अपने विभाग में बैठकें करके तैयारियों में लगे थे। घोषणा पत्र क्रियान्वयन समिति का गठन सोनिया गांधी ने पिछले साल जनवरी में किया था।
हमारी सरकार जन घोषणा पत्र को नीतिगत दस्तावेज के रूप में स्वीकार करने के बाद इसमें किए वादों के प्रति सजग है एवं हम अधिकांश वादों को पूरा करने की ओर अग्रसर हैं।
घोषणा पत्र समिति के चेयरमैन श्री ताम्रध्वज साहू एवं सांसद श्री अमर सिंह के साथ घोषणा पत्र क्रियान्विति की समीक्षा बैठक। pic.twitter.com/aEeChWroWY
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) July 31, 2021
कांग्रेस का घोषणा पत्र सरकारी दस्तावेज
कांग्रेस सरकार बनते ही गहलोत ने पहली कैबिनेट बैठक में दिसंबर 2018 में इसे सरकारी नीतिगत दस्तावेज का दर्जा दिया था। इसमें की कई घोषणाओं को पूरा करना अब सरकार के लिए जरूरी है।
पहली बार किसी सरकार ने चुनाव घोषणा पत्र का हिसाब दिया
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, पहली बार किसी सरकार ने चुनाव घोषणा पत्र में किए वादों का हिसाब दिया है। 52 फीसदी वादे तो हमने दो साल से कम में ही पूरे कर दिए थे। डेढ़ साल हमने कोरोना का भी सामना किया है, फिर भी हम घोषणा पत्र के वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं।
एयरपोर्ट अगवानी व स्वागत
इस बीच साहू के चार्टर प्लेन से जयपुर पहुंचने पर ऊर्जा मंत्री डॉ.बी.डी. कल्ला ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट पर कांग्रेस अन्य पिछड़ा विभाग के प्रदेशाध्यक्ष श्रवण तंवर व महामंत्री राजेन्द्र सेन, अनुभव चंदेल, नेशनल कोर्डिनेटर तनवीर खान, हरदीप चहल, सत्यनारायण मंगरौरा , नरेश सैन, जयपुर देहात अध्यक्ष अमर चन्द कुमावत, अजमेर अध्यक्ष महेश चौहान, महामंत्री छुट्टन माली, भवानी शंकर माली, मामराज सैन, सुमन चौधरी ने ताम्रध्वज साहू का स्वागत किया। साहू कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर पर इस अन्य पिछड़ विभाग के अध्यक्ष भी हैं।
अन्य पिछड़ा वर्ग ने राजनीतिक नियुक्तियों व संगठन में मांगी भागीदारी
विभाग के अध्यक्ष श्रवण तंवर एवं प्रदेश संयोजक राजेन्द्र सेन ने ताम्रध्वज से आग्रह किया कि प्रदेश में होने जा रही राजनीतिक नियुक्तियों एवं संगठन विस्तार में वर्षो से ओबीसी विभाग में कार्यरत पदाधिकारियों को अवसर दिया जाए ताकि कांग्रेस पार्टी और संगठन और अधिक मजबूत हो।


