Headlines

पायलट ने मेहनत की तब सरकार बनी, सरकार संगठन से ही बनती है

जयपुर। पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नारायण सिंह के बेटे और दांतारामगढ़ से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र सिंह के निशाने पर भी आज सरकार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा रहे। वीरेन्द्रसिंह ने कहा कि कांग्रेस में जिला और ब्लॉक स्तर पर 11 महीने से भंग पड़े संगठन में नियुक्तियां नहीं हो रही। सिंह पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से मुलाकात करने आए थे उसके बाद पत्रकारों से बातचीत में डोटासरा पर तल्ख अंदाज में हमला बोला।

दांतारामगढ़ विधायक वीरेंद्र सिंह इतने में ही रूके नहीं और बोले- सरकार संगठन से बनती है और हम सरकार बनाने के बावजूद संगठन नहीं बना पा रहे। सचिन पायलट ने प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए मेहनत की तब कांग्रेस की सरकार बनी है। पूरा साल निकाल दिया, संगठन का अता पता नहीं है। यह इतिहास में पहला मौका है जब किसी प्रदेश में कांग्रेस का संगठन साल भर से भी ज्यादा समय से नहीं बना हो।

पायलट के लोगों को मत बनाओं, अपनो को बना लो

जिसे बनाना हो उसे बनाइए लेकिन जिला-ब्लॉक खाली पड़े हैं वहां नियुक्ति तो कीजिए। हम कौनसी यह मांग कर रहे हैं कि हमारे ही लोगों को बनाइए। अगर आपको सचिन पायलट के लोगों के नहीं बनाना है तो मत बनाइए, अपने लोगों को ब्लॉक और जिलाध्यक्ष बना दीजिए, जो पायलट के खिलाफ हैं उन्हें बना दीजिए।

केवल 39 पदाधिकारियों का संगठन

उन्होंने कहा कि राजस्थान में पिछले 11 महीने से कांग्रेस के ब्लॉक, जिले की कार्यकारिणी भंग पड़ी हैं। न जिलाध्यक्ष है न ब्लॉक अध्यक्ष हैं। गोविंद सिंह डोटासरा केवल 39 पदाधिकारियों को लेकर बैठे हैं। संगठन तो बना लीजिए कम से कम। 11 महीने से हम संगठन नहीं बना पा रहे हैं, इससे बुरा हाल और क्या होगा? सरकार कांग्रेस की है और संगठन का कोई अता पता नहीं है। ऐसा प्रदेशाध्यक्ष बनने का क्या मतलब है? अकेले गोविंद सिंह डोटासरा घूम रहे हैं।

सड़कों की जगह पम्पों पर बैठा दिया

कांग्रेस के पिछले दिनों महंगाई केा लेकर हुए प्रदर्शन पर भी तंज कसा और कहा कि यह इश्यू अगर बीजेपी के पास होता तो सड़कों पर नाचते और हमारी पार्टी की हालत देखिए, हमें पंपों पर बैठा दिया। सड़कों पर उतरना चाहिए, लेकिन हमारे पास संगठन तो है नहीं सड़कों पर कौन उतरे। बिना संगठन यही पता नहीं लगता हम किस पार्टी के एमएलए हैं।

ये भी पढ़े :

कांग्रेस प्रदेशाध्‍यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को बीकानेर कांग्रेस की महिला पार्षद ने किया हूट

चोखो लाग्यो रे पायलट तिलक रोळी मोळी को … का स्वागत गीत गूंजा पायलट के बंगले पर

पायलट के समर्थकों ने अब ट्विटर के बाद होर्डिंग पोस्टर वॉर शुरू किया “पायलट आ रहा है”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *