उदयपुर। वल्लभनगर में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर अभी से तीखे बयानबाजी का दौर जारी हैं। उपचुनाव की तारीख तो घोषित नहीं हुई पर उम्मीदावारों ने अपनी जमीन तलाशनी शुरु कर दी हैं। एक-दूसरे के खिलाफ तीखे व्यंग्य बाण छोड़े जा रहे हैं। आज बारी थी जनता सेना की।
जनता सेना के मुखिया रणधीरसिंह भीण्डर ने भीण्डर मण्डल के कार्यकर्ता सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया को ललकारा और कहा कि कटारिया की दुश्मनी तो हमसे हैं। उन्हें भाजपा की जीत से कोई सरोकार नहीं। उन्हें तो हमें हरवाने के लिए कांग्रेस की जीत के लिए काम करना हैँ। भाजपा उम्मीदवार तो बलि का बकरे की तरह बनाकर मैदान में उतारेंगे। इस बार पता नहीं किसकी बलि कटारिया देने वाले हैं।
भीण्डर ने कांंग्रेस-भाजपा दोनों को ललकारते हुए कहा कि दोनों मिलकर कितना ही जतन कर ले,जीत हमारी ही होगी। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष की ओर से हाल में मर्यादा पुरुषोत्तम राम को लेकर दिए बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कभी वे महाराणा प्रताप के खिलाफ बोलते है तो कभी प्रभु श्रीराम के। हम तो राम और महाराणा प्रताप के असली वंशज हैँ। प्रताप के साथ जिस तरह भामाशाह, सेना में भील व सर्वसमाज जुड़ा हुआ था, उसी तरह जनता सेना से भी सर्वसमाज जुड़ा हुआ हैँ। जनता सेना का गठन ही सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की सोच के तहत ही किया गया था। उन्होंने कहा कि हमारी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी जीत है। चाहे सरकार और भाजपा दोनों साथ मिलकर कितना भी जोर लगा ले।
