जयपुर। कांग्रेस विधायकों से वन टू वन राय जानने के लिए आए राजस्थान के प्रभारी कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने मंत्रिमंडल में फेरबदल से पहलेे पार्टी और समर्थक विधायकों से दिनभर फीडबैक लिया। सबसे पहले जयपुर जिले के सभी कांग्रेस और निर्दलीय विधायक माकन से मिलने पहुंचे। शुरुआत जयपुर शहर के विधायकों से की। विधायकों ने मंत्रियों के कामकाज और उनके व्यवहार को लेकर अपनी नाराजगी जताई और कहा कि उनके काम नहींं होते। क्षेत्र में लोगों को क्या कहें। कांग्रेस की सरकार होते हुए भी कांग्रेस व समर्थित विधायकों की ढंग से नहीं सुनी जा रही। कुछ मंत्रियों के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी प्रकट की। पहले ही दिन प्राय: सभी मंत्री लपेटे में आ गए। अब यह देखने वाली बात है कि फीडबैक के आधार पर किसे हटाया व किसे रखा जाता है। हालांकि, माकन का फोकस इस पर था कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कैसे पार्टी जीते और दुबारा राजस्थान में सरकार बनाएं। माकन की क्लास में सवाल कई और भी पूछे गए।
ये भी पढ़िए: माकन की क्लास! पायलट समर्थक सोलंकी बोले, पूरे प्रदेश का फीडबैक जानना हो तो हारे हुए प्रत्याशियों को भी बुलाओ
ये भी पढ़े: कांग्रेस विधायको को माकन का एक सवाल संकट में डाल गया
अजय माकन विधायकों से पूछ रहे ये सवाल
- प्रभारी मंत्री कैसा काम कर रहे हैं, उनके खिलाफ कोई शिकायत?
- विकास योजनाओं का कामकाज कैसा चल रहा है, आपको कोई शिकायत?
- जिलाध्यक्ष कौन हो, ब्लॉक अध्यक्ष कौन हो, उनके नाम सुझा दीजिए?
- आपके क्षेत्र में राजनीतिक नियुक्तियों के लिए प्रभावी नेता कार्यकर्ता के नाम बताइए?
- सरकार रिपीट कैसे हो, इसके बारे में सुझाव?
पहले दौर में ये विधायक मिले
माकन से प्रथम दौर में जयपुर के जिन विधायकों ने अपनी राय दी उसमें कृषि मंत्री लाल चंद कटारिया, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी, मंत्री राजेंद्र यादव, विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, गोपाल मीणा, गंगा देवी, वेदप्रकाश सोलंकी, निर्दलीय विधायक बाबूलाल नागर, लक्ष्मण मीणा के नाम प्रमुख हैं। मंत्रियों की नाराजगी को कुछ विधायको ने यह कहकर जगजाहिर नहीं किया कि ये उनके घर का मामला हैं।आपको बताने का नहीं हैं। बगरू से विधायक गंगादेवी ने कहा कि सभी बात माकन के सामने खुलकर रखी हैं।
जयपुर के विधायकों की नाराजगी नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल को लेकर भी थी कि ढाई साल में उन्होंने एक भी बैठक नहीं ली,जबकि झुझुंनूं के विधायकों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा, परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, शिक्षामंत्री गोविंदसिंह डोटासरा व ऊर्जा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला के कामकाज के तरीकों व व्यवहार को लेकर शिकायत की।
ये भी पढ़िए: खेमा बदलने पर खाचरियावास ने ये कह दी बड़ी बात
पहले दिन 12 जिलों के विधायकों से मिलेंगे माकन
माकन आज पहले दिन 12 जिलों जयपुर के बाद झुंझुनूं, सीकर,अलवर , दौसा, बारां, बूंदी, कोटा, भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाईमाधोपुर जिलों के विधायकों से रायशुमारी जानेंगे।
विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी से मिले माकन
अजय माकन ने सुबह रायशुमारी से पहले विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी के बंगले पर जाकर उनसे मुलाकात की। सीपी जोशी के बड़े भाई ओमप्रकाश जोशी का हाल ही निधन हुआ है, अजय माकन ने उनके आवास पर जाकर संवेदना जताई।

