जयपुर : पश्चिमी राजस्थान से इस समय की सबसे बड़ी सियासी खबर निकलकर सामने आई है। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी व वरिष्ठ कांग्रेसी विधायक हेमाराम चौधरी ने शनिवार को साथ-साथ गुढ़ामालानी विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया है। हेमाराम चौधरी के इस्तीफे के बाद दोनों ही नेता एक साथ आज पहली बार क्षेत्र के दौरे पर निकले। दोनों को स्थानीय कांग्रेस राजनीति में एक दूसरे का विरोधी माना जाता है।
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने आज गुढ़ामालानी कोविड सेंटर का जायजा लिया। इस दौरान पूरे समय हेमाराम चौधरी उनके साथ साथ रहे। दोनों ही नेता एक साथ गुढ़ामालानी विधानसभा क्षेत्र के धोरीमना, गुढ़ामालानी में कोविड केयर सेंटर में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे।
दूरियों घटी
दोनों ही नेताओं ने चिकित्सा अधिकारियों के साथ भी क्षेत्र में कोरोना सहित अन्य बीमारियों को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा करते हुए संसाधनों एवं आइएलआई सर्वे को लेकर भी दिशा निर्देश दिए। माना जा रहा है कि हेमाराम चौधरी व हरीश चौधरी के बीच दूरियों का पटाक्षेप हो गया। गौरतलब है कि हेमाराम सचिन पायलट खेमे तथा हरीश चौधरी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निकट माने जाते हैं।
