जयपुर। राजस्थान में लंबे समय से अटके मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों का मसला अब निपटने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जोधपुर से सीधे दिल्ली दौरा इसी को लेकर प्रस्तावित हैं। गहलोत अपने साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा को मंत्रिमंडल और राजनीतिक नियुक्तियों के महामंथन के लिए साथ लेकर गए है। गहलोत दिल्ली में सोनिया गांधी और अन्य आला नेताओ से मुलाकात कर इसे अंतिम रूप देंगे। दिल्ली से आते ही फेलबदल व राजनीतिक नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। कोई बड़ी अड़चन नहीं आई तो 20 नवम्बर से पहले मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा।
उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि पहले मंत्रिमंडल विस्तार होगा। इसके बाद राजनीतिक नियुक्तियां की जाएंगी। मंत्री बनने से वंचित रहने वाले विधायकों को राजनीतिक नियुक्तियां देकर संतुष्ट करने का फार्मूला अपनाया जा सकता हैं, हालांकि पायलट खेमा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजनीतिक नियुक्तियां देने की वकालत कर रहा है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी से मुलाकात का समय मांगा है। वह मिल गया है और लगता है कि सोनिया गांधी से मुलाकात होते ही मंत्रिमंडल विस्तार सहित सत्ता संगठन से जुड़े लंबित मुद्दों पर फैसले लेने का काम शुरू हो जाएगा। गहलोत सरकार में अभी 9 जगह खाली है। प्रदेश में कुल 30 मंत्री बन सकते हैं। अभी मुख्यमंत्री सहित 21 हैं, 9 मंत्री और बन सकते हैं। एक व्यक्ति एक पद को आधार बनाया गया तो 3 जगह और खाली हो सकती हैं। गहलोत मंत्रिमंडल का सरकार बनने के बाद अभी एक बार भी विस्तार नहीं हुआ है।
मंत्रिमंडल विस्तार शीघ्र होने के पीछे एक कारण यह भी है कि 17 दिसंबर को सरकार को तीन साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। जल्द मंत्रिमंडल होने से तीन वर्ष के जलसे की तैयारी भी अच्छे से हो सकेगी। उपचुनाव की जीत के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मजबूत हुए है। गहलोत कैंप के विधायकों को मंत्रिमंडल में ज्यादा जगह मिलने के आसार हैं, लेकिन सचिन पायलट कैंप भी बराबर की भागीदारी मांग रहा है। गहलोत-पायलट कैंप में से किसे कितनी भागीदारी दी जाएगी, इस पर ही मुख्य रूप से आलाकमान को फैसला करना है।
गहलोत खेमे के विधायकों में बसपा से कांग्रेस में आने वाले 6 विधायक, 13 में से कई निर्दलीय विधायक और कांग्रेस के दर्जन भर विधायक मंत्री बनने की दावेदारी कर रहे हैं। देखना यह है कि किसकी लॉटरी मंत्री बनने के कुर्रे में खुलती है।
