उदयपुर: गत 2018 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में बेंगू विधानसभा से चुनाव लड़ने वाले गोपाल भील आकोडीया ने सोमवार को विधिवत रूप से आरएलपी पार्टी जॉइन की। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक तथा नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल व खींवसर विधायक नारायण बेनीवाल तथा वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के सह प्रभारी धर्मेंद्र सिंह रावत ने गोपाल भील को पार्टी का दुपट्टा ओढ़ाकर विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई।
गोपाल भील के आरएलपी पार्टी को जॉइन करने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल ने पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व दिया। सांसद बेनीवाल ने कहा कि दलित, वंचित व शोषित तबके के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने वाले गोपाल भील के आने से आदिवासी आँचल में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
चुनाव पर किया मंथन
आरएलपी संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने पार्टी के उम्मीदवार उदयलाल डाँगी व समर्थकों के साथ चुनाव को लेकर मंथन किया। वल्लभनगर में दशहरा चौक पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उम्मीदवार उदय लाल डांगी के समर्थन में हनुमान बेनीवाल विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जिसको लेकर पार्टी के द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व भोपालगढ़ विधायक पुखराज गर्ग ने बताया कि व्यवस्था परिवर्तन की इस लड़ाई में यह उपचुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह चुनाव आम आदमी तथा सामंती ताकतों के मध्य लड़ा जा रहा है।
