Headlines

गहलोत ने PM से की बात : कहा- ऑक्सीजन के साथ टैंकर भी दीजिए, तभी शिकायत खत्म हो पाएंगी

  • ऑक्सीजन प्लांट्स की तरह टैंकर्स को भी एक्वायर करें केंद्र

जयपुर। प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच अब ऑक्सीजन, रेमडेसिविर की मांग भी बढ़ रही है। दोनों की मांग को लेकर सियासत और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। ऑक्सीजन पर चल रही सियासत के बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने कोरोना से राज्य में पैदा हुए हालात और कोविड मैनेजमेंट पर बात की। इस दौरान उन्होंने मोदी से ऑक्सीजन के साथ क्रायोजैनिक टैंकर उपलब्ध करवाने की भी मांग की।

ऑक्सीजन प्लांट को एक्वायर करके राज्यों को अलॉट किया जाए
गहलोत ने पीएम मोदी से कहा- भारत सरकार ने जिस तरह पूरे देश में ऑक्सीजन प्लांट को एक्वायर करके राज्यों को अलॉट किया है। उसी तरह देश में क्रायोजैनिक टैंकरों को भी एक्वायर करें। बिना टैंकर राज्यों में ऑक्सीजन नहीं आएगी। जितना आप ऑक्सीजन अलॉटमेंट कर रहे हो, साथ में टैंकर भी दो। तब जाकर राज्यों की शिकायतें खत्म हो सकेंगी। चाहे दिल्ली हो चाहे राजस्थान हो चाहे और कोई राज्य हो सबकी यही शिकायत है। टैंकर उपलब्ध नहीं हैं।

मरीजों की संख्या के हिसाब से मिले ऑक्सीजन और दवाइयां
गहलोत ने मेादी से कोरोना मरीजों की संख्या के हिसाब से ऑक्सीजन और दवाइयां उपलब्ध करवाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कोरोना मरीजों की संख्या ज्यादा है। ऑक्सीजन और दवाइयां मरीजों की संख्सा के हिसाब से मिलनी चाहिए। अब लोग तकलीफ में आने लग गए हैं।

तीन मंत्रियों को भेजा दिल्ली
ऑक्सीजन और दवाइयों की सप्लाई को लेकर राज्य सरकार के तीन मंत्री मंगलवार को दिल्ली गए हुए हैं। यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल, जलदाय मंत्री बीडी कल्ला और चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा दिल्ली दौरे पर हैं। तीनों ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर राजस्थान को ऑक्सीजन और दवाइयों की सप्लाई बढ़ाने की मांग रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *