जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कोरोना को बहुरूपिया कहा। उन्होंने कहा- कोरोना बहुरूपिया की तरह है, यह रूप बदलता है, जिसने भी इसके बारे में कहा है वह सही कहा है। इस पर हरदम चौकन्न रहना जरूरी है। हम गांवों में डोर टू डोर सर्वे कर रहे हैं। लॉकडाउन भी बढ़ाया है अब जनता की सजगता जरूरी है। कोरोना महामारी बच्चों में भी पहुंच गई है। कई जिलों में बड़ी संख्सा में बच्चे कोरोना पॉजिटिव आ रहे हैं । गहलोत विराटनगर क्षेत्र में 30 किलोमीटर सड़क निर्माण के काम के वर्चुअल शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे।
गहलोत ने वैक्सीनेशन पर भी सवाल उठाये और कहा क़ि अब तक देश में फ्री वैक्सीनेशन हुआ है लेकिन इस बार भारत सरकार ने राज्यों पर भार डाल दिया। वैक्सीन समय पर लग जाती तो आज दूसरी लहर में बच जाते। दूसरी लहर में नौजवानों की मौतें ज्यादा हो रही हैं क्योंकि बुजर्गों के वैक्सीन लग चुकी । अब तीसरी लहर से बच्चे ज्यादा प्रभावित होंगे। वैक्सीनेशन पर हमारा सबसे ज्यादा फोकस होना चाहिए।
असली जंग मैदान में जीती जाएगी
गहलोत ने कहा क़ि खाली अस्पतालों में इलाज से कोरोना नहीं जाएगा। असली जंग मैदान में जीती जाएगी, जिसमेंं कोरोना प्रोटोकॉल का पालन और सावधानी रखना जरूरी है। कोरोना प्रोटोकॉल के साथ वैक्सीन बहुत जरूरी है। मैं खुद कोरोना पॉजिटिव् आया लेकिन मेरे दो वैक्सीन लगी थी इसलिए माइल्ड आया, बच गया।
कोरोना से रेवेन्यू हुई कम
गहलोत ने बताया क़ि कोरोना की वजह से सरकार का 80 फीसदी रेवेन्यू कम हुआ है। लॉकडाउन चल रहा हैं। काम बंद है तो रेवेन्यू कम हो गया है, लेकिन वित्त प्रबंधन ऐसा करेंगे कि विकास के काम होते रहेंगे। हमने एमएलए फंड बढ़ा कर 5 करोड़ कर दिया। इस बार तो एमएलए फंड वैक्सीन की भेंट चढ गया, लेकिन आगे पूरा मिलेगा। कोरोना की जंग हम सब मिलकर लड़ें। लॉकडान की वजह से कोरोना केसों की संख्या कम हुई हैं उम्मीद है सैेकंड लॉकडाउन के बाद और कम होगी।
पायलट समर्थक विधायक ने गहलोत क़ि जमकर तारीफ की
विराटनगर में 30 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के वर्चुअल समारोह में बोलते हुए इंद्राज गुर्जर ने मुख्यमंत्री गहलोत की जमकर तारीफ की। इसके बदले में गहलोत ने भी गुर्जर की अपने इलाके के विकास के लिए सजग रहकर प्रयास करने की तारीफ की। वर्चुअल समारोह में इंद्राज गुर्जर ने कहा- मुख्यमंत्री जी, आपने ढाई साल में विराटनगर को 125 करोड़ रुपए की सड़कें दी हैं। साल 2021-22 के बजट में विराटनगर को 40 करोड़ की सड़क दी है। विराटनगर को शानदार तोहफा दिया है। आज जिस सड़क का शिलान्यास हो रहा है, इसके बनने से मेड़ की प्रसिद्ध मटर मंडी से कनेक्टिविटी हो जाएगी।
अलवर, जयपुर जाने वालों को आसानी होगी। आपने पहले ही बजट में विराटनगर को सरकारी कॉलेज दिया। इस क्षेत्र की जनता आपको धन्यवाद देती है। आपने 30 साल पुरानी मांग को पहले बजट में पूरा किया। इस बजट में हमारे क्षेत्र के बड़े शहर पावटा को सब डिवीजन बनाया है। पावटा-प्रागपुरा को नगरपालिका बनाया है। भाबरू में नया थाना बनाया। बाड़ीजौड़ी में नई पीएचसी बनाई। आपका आशीर्वाद हमारे विराटनगर की जनता पर बना रहे।
गहलोत बोले, मैं नहीं थकूंगा
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इंद्राज गुर्जर की तारीफ करते हुए कहा, इंद्राज को पहली बार मौका मिला है। इसके बावजूद वे अपने क्षेत्र की जितनी उपलब्धियां बता रहे थे, उनकी यह सोच दर्शाती है कि किस प्रकार उनका अपने इलाके के विकास का सपना है। नए-नए सपने देखते रहें तो आने वाले वक्त में भी काम होंगे। विधायक अगर अपने क्षेत्र के विकास के कामों में रुचि लें, तो किसी पार्टी की सरकार हो काम हो ही जाते हैं। मैं जब पिछली बार सीएम था, तो विधायक काम मांगते-मांगते थक गए थे। मैं काम देते देते नहीं थका था। अब भी वही होगा। आप काम मांगते-मांगते थक जाएंगे, लेकिन मैं काम करते-करते नहीं थकूंगा।
जमवारामढ़ विधायक गोपाल मीणा ने भी उनके क्षेत्र को दी गई विकास की सौगातों के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। दोनों विधायकों ने खुले मन से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शानदार कोरोना प्रबंधन की प्रशंसा की।
