डोटासरा का दो दिनों तक डेरा दिल्ली में, जल्द हो सकती हैं PCC पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की घोषणा

डोटासरा

जयपुर। मंत्रिमण्डल से छुट्टी के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने अपना पूरा फोकस प्रदेश में कांग्रेस संगठन विस्तार तथा जिलाध्यक्षों की नियुक्ति पर केन्द्रीत कर दिया हैं। डोटासरा की दिल्ली यात्रा के दौरान इन नियुक्तियों पर भी चर्चा होनी हैं। मंत्रिमण्डल पुर्नगठन के कारण संगठन की टीम के विस्तार का काम रूका पड़ा था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक में भी भाग लेंगे। ये बैठक कांग्रेस की ओर से महंगाई तथा अन्य मुद्दों को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे जनजागरण पखवाड़े के प्रस्तावित कार्यक्रमों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश आलाकमान से प्राप्त होंगे।

डोटासरा की दिल्ली में प्रदेश प्रभारी अजय माकन से PCC कार्यकारिणी के विस्तार,जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों पर चर्चा होगी। जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के बाद उनकी कार्यकारिणी भी बनाई जाएगी। इन नियुक्तियों के जरिए हजारों कांग्रेस नेताओं,कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कांग्रेस की तैयारी हैं ताकि दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में ये टीम मजबूती से चुनावी प्रबंधन संभाल सके।

गहलोत के साथ भी हो चुका है विचार-विमर्श

प्रदेश प्रभारी अजय माकन की जयपुर में सीएम अशोक गहलोत और PCC चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा के साथ बैठकर भी संगठन पर चर्चा हुई है।अब डोटासरा और अजय माकन राजस्थान से तैयार संगठन की लिस्ट को मंजूरी दिलाने के लिए राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को सौंपेंगे। पूर्व डिप्टी सीएम और PCC चीफ रहे सचिन पायलट अपने खेमे के नेताओं का PCC और जिलों की कार्यकारिणी में भी एडजस्टमेंट चाहते हैं। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान पायलट से भी डिस्कशन करेगा। केसी वेणुगोपाल लिस्ट को राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी,राहुल गांधी की अप्रूवल के लिए लेकर जाएंगे। वहीं से सूची जारी होंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *