-
राजस्थान में राजधानी सहित विभिन्न जिलों में भाजपा का प्रदर्शन
जयपुर। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद से ही बीते रविवार से जारी हिंसा में अब तक राज्य के विभिन्न इलाको में 17 लोगों की मौत हो गई है। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पर भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या, बलात्कार, हिंसा और लूट का आरोप लगाते हुए पूरे देश के साथ राजस्थान में भी व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए। इसी के तहत राजधानी जयपुर में भाजपा प्रदेश कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन का आयोजन हुआ। वहीं जोधपुर, बीकानेर, कोटा, श्रीगंगानगर, अजमेर, उदयपुर सहित राज्य के विभिन्न जिलों में भी भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और कोविड नियमों की पालना करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
हिंसा पर तुरंत एक्शन की मांग
राजधानी में प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, सांसद रामचरण बोहरा, प्रदेश मंत्री श्रवण बगड़ी, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, एसटी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र मीणा, जयपुर शहर अध्यक्ष राघव शर्मा व उपमहापौर पुनीत कर्णावत आदि पदाधिकारियों ने कोविड गाइडलाइंस का पालन करते हुए विरोध दर्ज कराया। हाथों में तख्तियां लेकर बंगाल में हो रही हिंसा पर अपनी बात भी रखी और तुरंत हिंसा के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पूरी हिंसा टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के निर्देश पर हो रही है।
