मोरबी : जिले के हलवद में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से पांच महिलाओं समेत 12 मजदूरों की मौत हो गई है। मलबे में करीब 30 मजदूर दब गए थे। मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया। घायलों में कईयों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
जानकारी के अनुसार हादसा हलवद GIDC स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में जिस समय दीवार ढही, तब वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि कुछ मजदूरों के बच्चे भी उनके साथ थे, जो हादसे का शिकार हो गए हैं। हालांकि, बच्चों के बारे में कंपनी से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान शुरू किया। घटना के बाद स्थानीय विधायक परसोत्तम सबरिया व कलेक्टर समेत कई उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दीवार किस वजह से गिरी।
हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने अपने ट्वीट में कहा कि मोरबी में दीवार गिरने की घटना काफी दुख पहुंचाने वाली है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। पीएम ने हादसे में घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है।
The tragedy in Morbi caused by a wall collapse is heart-rending. In this hour of grief, my thoughts are with the bereaved families. May the injured recover soon. Local authorities are providing all possible assistance to the affected.
— Narendra Modi (@narendramodi) May 18, 2022
मृतकों के परिवार को सहायता राशि का ऐलान
वहीँ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए और उनका पूरा इलाज मुफ्त करवाए जाने की भी घोषणा की है।